गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज धर्मपुर में एन.एस.एस. स्थापना दिवस एवं नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन

लाइव हिमाचल/सोलन/धर्मपुर : गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज धर्मपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई ने एंटी ड्रग सेल के सहयोग से महाविद्यालय प्रांगण में प्रथम एन.एस.एस. स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस आयोजन की परिकल्पना और प्रेरणा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कश्यप ने दी। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में एन.एस.एस. इकाई द्वारा किए गए उल्लेखनीय योगदान और उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए एन.एस.एस. स्थापना दिवस सबसे उपयुक्त अवसर है। इससे विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानने, संवारने और उत्सव मनाने का अवसर मिलता है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी मेहर पंवार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सतीश नेगी उपस्थित रहे। उन्होंने एन एस एस वालंटियर्स के उत्कृष्ट कार्यों एवं प्रयासों कि सराहना की तथा एन एस एस स्थापना दिवस के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रदान की I वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. सुनील चौहान जी सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय “Youth for Mera Yuva (MY) Bharat” रखा गया। मुख्य अतिथि मेहर पंवार ने “नशा मुक्त भारत” विषय पर व्याख्यान एवं संवाद सत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने नशे की कुरीति के व्यक्ति और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर जोर देते हुए इसके कानूनी पहलुओं और सामुदायिक पुलिसिंग की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर क्षेत्रीय एन.एस.एस. निदेशालय, चंडीगढ़ से पधारे प्रवीण ठाकुर ने स्वयंसेवकों से संवाद किया तथा उन्हें भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 क्विज़” में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। महाविद्यालय के एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें पहाड़ी नाटी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का संचालन एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जगदेव चंद शर्मा एवं प्रोफेसर शिल्पा कोच्छड़ ने किया I मंच सञ्चालन एन एस एस वालंटियर्स अचल, रीता, उर्वशी एवं अरुणा ने किया। कार्यक्रम में सभी समित्ती सदस्यों सराहनीय योगदान दिया एवं इस कार्यक्रम को सफल बनाया तथा अंत में आभार ज्ञापन एंटी ड्रग सेल के संयोजक डॉ. राम लाल भारद्वाज ने किया।

जूनियर रेडक्रॉस ग्रुप के लिए एक दिवसीय ‘प्राथमिक उपचार’ प्रशिक्षण शिविर आयोजित…

लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस एवं ज़िला रेडक्रॉस शाखा सोलन के संयुक्त तत्वाधान में आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छावशा में जूनियर रेडक्रॉस ग्रुप के 81 छात्रों के लिए एक दिवसीय ‘प्राथमिक उपचार’ प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह जानकारी राज्य रेडक्रॉस जूनियर के समन्वयक वीरेन्द्र सिंह बिष्ट ने दी। वीरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि जूनियर रेडक्रॉस ग्रुप, रेडक्रॉस की एक छात्र शाखा है जो 12 से 16 वर्ष की आयु के स्कूली बच्चों के लिए बनाई गई है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में सेवा, स्वास्थ्य, और मैत्री की भावना को जगाना है। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि रेडक्रॉस की गतिविधियों से जुड़े और लोगों की सेवा जैसे पुनित कार्यों में सहभागी बनें।
राज्य रेडक्रॉस की मास्टर ट्रेनर डॉ. किमी सूद ने छात्रों व शिक्षकों को हड्डी टूटने पर प्रथम उपचार, पट्टी बांधने व सी.पी.आर. इत्यादि पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। उप अग्निशमन अधिकारी केवल जीत तंवर सहित अन्य कर्मचारियों ने छात्रों को आपात स्थिति में घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस व अस्पताल तक पहुंचाने की विभिन्न तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छावशा की प्रधानाचार्य रितु, राज्य रेडक्रॉस पैटर्न लेख राज कौशिश, शिक्षक व छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।

राजकीय महाविद्यालय सोलन में धूमधाम से मनाया गया एनएसएस दिवस…

लाइव हिमाचल/सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा एनएसएस दिवस का आयोजन बड़े उत्साह और जोश के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने कार्यक्रम में शिरकत कर रही एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों की हौसला अफजाई की। इस कार्यक्रम में स्वयंसेवियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों में नाटी और भांगड़ा के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों पर एक मार्मिक लघु नाटिका भी शामिल थी, जिसने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. मनीषा कोहली ने अपने अभिभाषण में स्वयंसेवियों को एनएसएस दिवस की शुभकामनाएं दीं और महाविद्यालय के अंदर और बाहर उनकी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनएसएस इकाई के स्वयंसेवक समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उन्हें अपनी इस यात्रा में निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। डॉ. कोहली ने स्वयंसेवियों को आगे भी एनएसएस गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस प्रभारी डॉ. प्रियंका मुल्तानी के नेतृत्व में किया गया। डॉ. मुल्तानी ने सभी स्वयंसेवियों और अतिथियों का धन्यवाद किया और कहा कि एनएसएस इकाई निरंतर समाज सेवा और युवाओं के चरित्र निर्माण के लिए कार्य करती रहेगी। इस अवसर पर स्वयंसेवियों के उत्साह और समर्पण ने सभी का मन मोह लिया और यह स्पष्ट हुआ कि एनएसएस इकाई समाज में एक सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए विभाग सक्रियता से करे कार्य – उपायुक्त

: जिला स्तरीय सतर्कता समिति और जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक

लाइव हिमाचल/शिमला: जिला स्तरीय सतर्कता समिति और जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक आज यहां उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इसके तहत जिला में कुल 66230 परिवार व 269425 जनसंख्या का चयन किया जा चुका है।
उपायुक्त ने कहा जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए विभाग सक्रियता से कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत आम जनता को विभिन्न योजनाओं को लाभ मुहैया करवाया जा रहा है। उचित मूल्यों की दुकानों के माध्यम से आम जनता को काफी लाभ मिल रहा है। 
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंघल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

जिला में 55839 राशन कार्ड लाभार्थी संदेहजनक
जिला शिमला में 55839 राशन कार्ड लाभार्थी संदेहजनक पाए गए है। इसमें 92 मृत लाभार्थी, 591 राशन कार्ड माॅडयूल में 100 से अधिक आयु वाले लाभार्थी, 18 वर्ष से कम आयु के राशन कार्ड मुखिया, 4083 साईलेंट राशन कार्ड लाभार्थी, 429 डुप्लीकेट राशन कार्ड लाभार्थी, 43957 लेंड होल्डिंग पीएम किसान भूमि धारक जिनके पास ढाई एकड़ से अधिक भूमि, 890 लाभार्थी जिनकी वार्षिक आय 06 लाख रुपए से अधिक है। इसके अलावा 13 लाभार्थी जिनके पास जीएसटीएन, 5613 लाभार्थी वाहन स्वामित्व, 171 लाभार्थी ऐसे हैं जोकि कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में डायरेक्टर आदि के तौर पर पंजीकृत है, के राशन कार्ड शामिल है। यह राशन कार्ड बीपीएल, अंतोदय अन्न योजना, प्राथमिकता घरेलू के है। बैठक में बताया गया कि इन सभी राशन कार्ड धारकों की जांच की जा रही है जिसमें केवल योग्य को ही रखा जाएगा। इसके अलावा अन्य सभी योजना से बाहर किए जाएंगे।

सभी एसडीएम करेंगे मिड-डे मील का निरीक्षण
अनुपम कश्यप ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम को महीने में कम से कम 05 सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील भोजन का निरीक्षण करना होगा जिसमें खाने की गुणवत्ता, बच्चों के बैठने की व्यवस्था, किचन में सफाई व्यवस्था, इसके अलावा अन्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण शामिल रहेगा और इसकी रिपोर्ट जिलाधीश कार्यालय को करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील मुहैया करवाना सरकार की प्राथमिकता है।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जिला में 623 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हो रही है। इनमें 347 सहकारी सभाएं, 229 व्यक्तिगत, 2 महिला मंडल, 4 ग्राम पंचायत और 41 हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा संचालित की जा रही है। जिला में जून 2025 से अगस्त 2025 तक 1257 निरीक्षण किए गए जिनमें 12 दुकानों में अनियमिताएं पाई गई जबकि 20250 रुपए जुर्माना वसूल किया गया।बैठक में जिला शिमला में उचित मूल्य की दुकानों द्वारा थोक गोदामों से बिलों को अस्वीकृत करने, दुकानों के सामाजिक अंकेक्षण, विकास खंड बसंतपुर में निगम का थोक गोदाम खोलने, विकास खंड चौपाल के गांव रावतन में उचित मूल्य दुकान खोलने को मंजूरी प्रदान की गई। रामपुर के गांव परान्दली वार्ड 3 में उचित मूल्य की दुकान, विकास खंड छौहारा के तहत गांव मंघारा वार्ड-4 में, जुब्बल खंड के मंडोल वार्ड-2 में, कोटखाई खंड के देवगढ़ में, नारकंडा के गांव बटाड़ी और चौपाल खंड के पुलवाहल वार्ड-4 में उचित मूल्य की दुकान खोलने को मंजूरी दी गई।

सीएम सुक्खू और उनकी माता के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने पर एफआईआर हुई दर्ज…

लाइव हिमाचल/शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एवं उनकी माता के संबंध में सोशल मीडिया पर अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी करने पर साइबर क्राइम थाना शिमला में एफआईआर दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव डॉ. रंजीत सिंह वर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाए गए कि रंजीत सिंह नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म( फेसबुक लाइव) में  मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एवं उनकी माता के के लिए अत्यंत अशोभनीय, अमर्यादित एवं अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। यह कृत्य न केवल मुख्यमंत्री व उनके परिवार की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि पूरे प्रदेश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला और लोकशांति के लिए खतरा उत्पन्न करने वाला है। वहीं, साइबर पुलिस थाना ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीपीएल सर्वे की प्रक्रिया होगी सख्त, गलत दस्तावेज पर होगी कार्रवाई…

लाइव हिमाचल/शिमला : हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून की तबाही ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. आपदा के कारण पंचायतों में ग्राम सभा की बैठकें आयोजित नहीं हो सकीं. कई पंचायतों ने बैठकें जरूर कीं, लेकिन कोरम पूरा न होने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई. इसका सीधा असर गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने … Read more

डॉ. शांडिल 25 सितम्बर को सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर

लाइव हिमाचल/सोलन:स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ.धनीराम शांडिल 25 सितम्बर,2025 को सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं।
डॉ. शांडिल 25 सितम्बर, 2025 को प्रातः 11.00 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सायरी में मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारम्भ करेंगे।

हर्षवर्द्धन चौहान 25 सितम्बर को सोलन के प्रवास पर

लाइव हिमाचल/सोलन: उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान 25 सितम्बर, 2025 को सोलन ज़िला के प्रवास पर आ रहे हैं। वहीं हर्षवर्द्धन चौहान 25 सितम्बर, 2025 को प्रातः 10.30 बजे शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन में स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंस द्वारा आयोजित ‘विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2025 कार्यक्रम में मुख्यतिथि होंगे।

हाउस ऑफ लॉर्डस को संबोधित करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बने सुखविंद्र सिंह सुक्खू……

.इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम ने लीडरशीप एंड गवर्नेंस अवार्ड से सम्मानित किया

लाइव हिमाचल/शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लंदन स्थित हाउस ऑफ लॉर्डस को संबोधित करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बनकर इतिहास रचा है। इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम द्वारा मंगलवार सायं आयोजित शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने अपना मुख्य भाषण दिया।उन्होंने वैश्विक निवेशकों को हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन, बागवानी, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने के लिए आमंत्रित किया। विश्वास और लचीलेपन की ठोस नींव पर आधारित निवेशक हितैषी नीति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की शत-प्रतिशत साक्षरता दर पर भी प्रकाश डाला। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल हर मौसम में विश्व भर के पर्यटकों के लिए पसंदीदा गंतव्य होने के साथ-साथ वैश्विक व्यापार की गतिविधियों का केंद्र बनकर भी उभरा है। राज्य सरकार ‘व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल’ के संकल्प पर कार्य करते हुए इसे आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि एक दृष्टिकोण है जिसे प्रदेशवासियों के सहयोग से साकार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की दूरदर्शी नीतिया और योजनाओं के फलस्वरूप हिमाचल प्रदेश स्वच्छ और हरित ऊर्जा, पर्यटन, बागवानी, सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा भंडारण और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हिमाचल देश में पहले ही जलविद्युत और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इन क्षेत्रों में यूरोपीयन विशेषज्ञता और भारतीय आकांक्षाएं मिलकर मील पत्थर स्थापित कर सकती हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के सेबों ने एक वैश्विक ब्रांड के रूप में अपनी अलग पहचान कायम की है। अब राज्य सब्जियों, फूलों की खेती और अन्य उच्च मूल्य वाली फसलों के क्षेत्र में भी विस्तार कर रहा है और ये उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों के लिए तैयार हैं। राज्य सरकार की अभिनव नीतियों ने प्राकृतिक खेती और डेयरी क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खोले हैं। यूरोपीयन निवेशकों से स्वास्थ्य, जैविक उत्पादों और सतत् जीवनशैली में अवसरों को तलाशने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश निरन्तर भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल है तथा सामाजिक क्षेत्र में उठाए गए कदम विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।उन्होंने यूरोपीयन निवेशकों, उद्यमियों और इन्नोवेटरों को हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण देते हुए आश्वस्त किया कि यहां उन्हें न केवल व्यावसायिक अवसर मिलेंगे बल्कि इससे विश्वास, स्थिरता और साझा मूल्यों पर आधारित साझेदारियां भी स्थापित होंगीमुख्यमंत्री को इस अवसर पर इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम ने हिमाचल प्रदेश में उनके दूरदर्शी और परिवर्तनकारी नेतृत्व के लिए लीडरशीप एंड गवर्नेंस अवार्ड से सम्मानित किया।आईईबीएफ के संस्थापक विजय गोयल, लॉर्ड डेविड इवांस, मंत्री कनिष्क नारायण, मंत्री सीमा मल्होत्रा, वीरेंद्र शर्मा, घाना से हिज एक्सीलैंसी सैमुअल महामा, श्रीलंका के पूर्व विदेश मंत्री और उच्चायुक्त डॉ. रोहितगा, डॉ. नीरजा बिड़ला, निहारिका हांडा, तेजेश कुमार कोडाली, सुबोध कुमार गुप्ता और संदीप साली भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

तांदी इको टूरिज़्म एसोसिएशन ने उपायुक्त को सौंपा 50 हजार रुपए का चेक…

लाइव हिमाचल/ मंडी: तांदी गाँव में गत दिनों घटित एक भीषण अग्निकांड के दौरान मंडी-थुनाग क्षेत्र के लोगों ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जिस मानवीयता और सहयोग भाव का परिचय दिया था, उसकी कृतज्ञता स्वरूप तांदी इको टूरिज़्म एसोसिएशन ने आज 50 हजार रुपये का चेक उपायुक्त मंडी को सौंपा। इस बरसात में मंडी जिला में आई आपदा के प्रभावितों की सहायता के लिए यह राशि दी गई है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह राशि विशेष रूप से मंडी-थुनाग क्षेत्र के उन लोगों के लिए आभार स्वरूप दी गई है, जिन्होंने तत्कालीन आपदा की घड़ी में तांदी गाँव के लोगों को सहारा दिया था। उपायुक्त मंडी ने एसोसिएशन के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि आपसी सहयोग और भाईचारे से ही आपदाओं का सामना किया जा सकता है।