Home » ताजा खबरें » सराज के जंजैहली में मंत्री जगत सिंह नेगी का काले झंडों से स्वागत, गो बैक के लगे नारे…

सराज के जंजैहली में मंत्री जगत सिंह नेगी का काले झंडों से स्वागत, गो बैक के लगे नारे…

लाइव हिमाचल/मंडी : हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का विरोध हुआ है.  शुक्रवार को वह मंडी जिले में आपदा के बाद सराजघाटी में हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे थे. इस दौरान राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी का स्वागत भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडों के साथ किया। जंजैहली पहुंचने पर मंत्री जगत सिंह नेगी को यहां खड़े दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और गो बैक के नारे लगाकर यहां से वापिस जाने को कहा. यह सारा प्रदर्शन जंजैहली मंडल भाजपा के अध्यक्ष भीषम ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ. शुक्रवार को जगत सिंह नेगी ने सराज के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. लेकिन भाजपा नेताओं को उनका यह दौरा रास नहीं आया. जंजैहली मंडल भाजपा के अध्यक्ष भीषम ठाकुर ने कहा कि आपदा के दौरान जहां सराज को हर तरफ से मदद और सहानुभूति मिली। उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी ने संवेदनहीन बयान देकर यहां के लोगों के जख्मों को कुरेदने का काम किया. उन्होंने कहा कि नेगी लोग स्वभाव में मधुर और दूसरों की मदद करने वाले होते हैं लेकिन जगत सिंह नेगी दूसरों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम करते हैं जोकि किसी भी लिहाज से उचित नहीं है. ऐसे मंत्री की सराज के लोगों को कोई जरूरत नहीं है. इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज उन्हें काले झंडे दिखाकर और गो बैक के नारे लगाकर अपना विरोध प्रकट किया है. मंडी जिले की सराज घाटी में 30 जून और एक जुलाई को आपदा आई थी और अब तक यहां पर 27 लोग लापता हैं. 25 दिन बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला है. 15 शव बरामद हुए हैं. वहीं, थुनाग से बागवानी कॉलेज को भी शिफ्ट करने की सरकार की मंशा से लोग नाराज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *