Home » Uncategorized » कार-पिकअप में जोरदार टक्कर, नाले में गिरी दोनों गाड़ियां, एक की मौत, एक घायल…

कार-पिकअप में जोरदार टक्कर, नाले में गिरी दोनों गाड़ियां, एक की मौत, एक घायल…

लाइव हिमाचल/चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से सड़क हादसे की घटना सामने आई है. चंबा-तीसा मार्ग पर कल्हेल में जोरदार टक्कर के बाद कार और पिकअप नाले में जा गिरी. जिस कारण पिकअप सवार ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है. यह हादसा कल्हेल मोड़ के पास हुआ है. मृतक की पहचान मनोज कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत कल्हेल के गांव कैला का रहने वाला था. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक की पहचान शुभम के रूप में हुआ है. जो तहसील सलूणी के गांव ब्रंगाल का रहने वाला है. जानकारी के अनुसार शनिवार शाम शुभम कार लेकर तीसा की ओर जा रहा था. इस दौरान चंबा की ओर आ रही पिकअप कल्हेल में मोड़ पर पहुंची तो, उनकी आपस में जोरदार टक्कर हो गई. जिस कारण दोनों पिकअप और कार करीब 50 फीट गहरे नाले में जा गिरी. इस दौरान घटनास्थल के पास टैक्सी स्टैंड में मौजूद ड्राइवरों ने कार और पिकअप को नाले गिरते देखा तो, वे तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. उन्होंने दुर्घटना के बारे में पुलिस को भी सूचित किया.

मौके पर पहुंची पुलिस ने टैक्सी चालकों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सड़क तक पहुंचाया. इसके बाद उन्हें निजी गाड़ियों से मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया. जहां डॉक्टर ने जांच के बाद पिकअप चालक को मृत घोषित कर दिया. जबकि घायल कार चालक को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान से जोरदार टक्कर के बाद पिकअप व कार नाले में गिरी, वहां पर पैरापिट मौजूद थे. लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि इन्हें ध्वस्त करते हुए दोनों वाहन नाले में जा गिरे. डीएसपी सलूणी रंजन शर्मा ने कहा चंबा-तीसा मार्ग पर शनिवार को कल्हेल के समीप कार व पिकअप के टक्कर के बाद नाले में गिरने से पिकअप चालक की मौत हुई है. वहीं, कार चालक घायल है. पुलिस ने मामले को लेकर वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं. साथ ही मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *