



लाइव हिमाचल/शिमला:हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को मौसम खुलने के बाद मैदानी इलाकों में घना कोहरा छा गया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडक और दुश्वारियां बढ़ गई हैं। वीरवार रात प्रदेश के दस स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया।सोलंगनाला से आगे अटल टनल आवाजाही के लिए बंद कर दी गई है। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों के साथ ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, सोलन के कई क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। बर्फबारी के बाद कुल्लू से लेकर लाहौल तक दुश्वारियां बढ़ गई हैं। मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मैदानी जिलों में 20 जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। 21 से 23 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। लाहौल के कुछ इलाकों में बिजली की भी समस्या गहरा गई है। जलोड़ी दर्रा बंद होने से लोगों पैदल सफर करने को मजबूर हैं।हिमाचल में न्यूनतम तापमान में बदलाव नहीं देखा गया है।रात के समय सबसे अधिक ठंडा स्थान टाबो रहा जहां तापमान माइनस 13.5 डिग्री रहा. राज्य के कुसुमसेरी में तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, कल्पा में शून्य से 6.2 डिग्री नीचे, मनाली में शून्य से 2.1 डिग्री नीचे, नारकंडा में शून्य से 1.5 डिग्री नीचे, शिमला में 2.8 डिग्री दर्ज किया गया है।