Home » ताजा खबरें » HRTC चालक परिचालक संघ के अल्टीमेटम के बाद रात्रि सेवा के 15 रूटों पर नहीं चली बसें

HRTC चालक परिचालक संघ के अल्टीमेटम के बाद रात्रि सेवा के 15 रूटों पर नहीं चली बसें

शिमला : HRTC चालक परिचालक संघ के अल्टीमेटम के बाद रात्रि 12 से सुबह 9 बजे तक रात्रि बस सेवा ठप हो गई है।शिमला -दिल्ली,रिकांगपिओ से हमीरपुर,चंबा जाने वाली बस सेवा भी नहीं चल पाई। इसी तरह से प्रदेश के विभिन्न भागों और प्रदेश से बाहर चलने वाली रात्रि बसें बंद कर दी गईं। प्रदेश में रात्रि बस सेवा बंद होने से संभावित 2500 रुट प्रभावित होंगे। HRTC चालक-परिचालक यूनियन ने सरकार को मांगें पूरी करने के लिए 15 मई तक का समय दिया था। सरकार को दिए गए अल्टीमेटम की समयावधि 15 मई यानि रात को समाप्त हो रही है।
यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह का कहना है कि परिवहन निगम प्रबंधन हमारी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहा है। स्थिति ये हो चुकी है कि हमारा 38 माह का रात्रि ओवर टाइम लंबित पड़ा है। इसके अतिरिक्त हमारी ओर से तर्कसंगत सुझाव दिया गया था कि जिस तरह से निगम प्रबंधन के अधिकारी दस हजार रुपये का एडवांस लेकर जाते हैं, ठीक उसी प्रकार से हमें भी रात्रि भत्ता एडवांस में दिया जाए। जोकि दैनिक 130 रुपये के हिसाब से मासिक 3900 रुपये बनता है। महीने के अंत में यदि एडवांस कम खर्च होता है तो प्रत्येक चालक व परिचालक शेष धनराशि जमा करवाएगा और अगले महीने के लिए फिर से एडवांस लेगा।उन्होंने कहा कि परिवहन निगम ने चालक-परिचालक यूनियन को वार्ता के लिए बुलाने का आश्वासन दिया था। जिसके फलस्वरूप हमने आंदोलन को 15 मई तक लंबित रखने का निर्णय लिया था। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार ने न तो हमें वार्ता के लिए बुलाया और न ही कोई मांग मानी है। अल्टीमेटम के अनुसार आज रात को प्रदेश के किसी भी हिस्से से चलने वाली रात्रि बसें नहीं चलेंगी। रात्रि बस सेवा ठप होने के लिए परिवहन निगम के चालक-परिचालक बिलकुल भी जिम्मेदार नहीं होंगे। इसके लिए परिवहन निगम प्रबंधन और सरकार की जिम्मेदारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]