सोलन में करवा चौथ त्योहार के लिए सजे बाजार, बढ़ी रौनक, महिलाओं में दिखा खासा उत्साह

लाइव हिमाचल/सोलन : करवाचौथ के लिए अब 24 घंटे शेष हैं। ऐसे में अभी से महिलाएं तैयारीयों में जुटी हुई हैं। सोलन के बाजार गुलजार हो गए है। सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है। बाजारों में रौनक बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे खिल उठे है।पहली बार व्रत रखने वाली नवविवाहिताओं में भी करवाचौथ को लेकर खासा क्रेज है। वे सजने-संवरने के लिए सामान की खरीदारी कर रही हैं। आज भी शहर के मुख्य बाजार में महिलाओं की काफी भीड़ है। महिलाएं इस दौरान सजावटी सामान और नारियल की महिलाओं में अधिक मांग रही है। महरून या लाल रंग के कपड़े से सजे नारियल ज्यादा बिक रहे हैं। तो वहीं, मिट्टी से बने करवे और व्रत में काम आने वाले अन्य सामान की भी खरीदारी महिलाएं कर रही हैं। कपड़ों की दुकानों में भी काफी भीड़ देखने को मिल रही है। महिलाएं नए-नए फैशन और ऑनलाइन डिजाइन दिखवाकर कपड़े सिलवाने के लिए दे रही हैं। साथ ही पार्लरों में भी महिलाओं की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। करवाचौथ को लेकर दुकानों में व्रत समेत अन्य सामान भी सजाया गया है। शहर के मुख्य बाजार से लेकर मालरोड और अपर बाजार में करवाचौथ को लेकर महिलाओं की काफी भीड़ है। करवाचौथ का बाजार इस बार 20 से 50 रुपये तक महंगा हो गया है। इस बार सजावटी थालियां 250 से 500 रुपये, करवे 30 से 50 रुपये, और मेहंदी कीप 10 से 50 रुपये तक बिक रही हैं। बाजार में इस बार भी रंग-बिरंगी चूड़ियों की भरमार है। चूड़ियों के साथ फैंसी कड़ों की भी मांग बढ़ी है। फैंसी चूड़ियां खरीदने के लिए दुकानों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी हुई है। चूड़ियां 50 रुपये से 1500 रुपये तक की उपलब्ध हैं।

करवाचौथ पर्व पर मॉलरोड आज रहेगा बंद
करवाचौथ पर 9 और 10 अक्तूबर को मालरोड बंद रहेगा। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने आदेश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार करवाचौथ पर पुराना उपायुक्त कार्यालय चौक से पुराना बस अड्डा सोलन तक माल रोड नौ अक्तूबर को दिन में 01:00 से रात 8:00 बजे बंद रहेगा। 10 अक्तूबर को सुबह 10:00 से 8:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों, हाथ गाड़ियों की पार्किंग एवं आवागमन के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इस अवधि में रोगी वाहन, अग्निशमन वाहन, सेना, आपातकालीन स्थिति तथा कानून एवं व्यवस्था एवं प्रोटोकॉल के लिए प्रयुक्त वाहनों पर यह आदेश लागू नहीं होंगे।

नाबालिग बेटी की प्रेग्नेंसी की खबर सुन पिता ने कर ली आत्महत्या; सुसाइड नोट हुआ बरामद

लाइव हिमाचल/मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर क्षेत्र में नाबालिग बेटी के गर्भवती होने के मामले से जुड़ी जांच के बीच सौतेले पिता ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। नाबालिग बेटी से जुड़ा पोक्सो एक्ट का मामला बीते 1 अक्तूबर का है। आत्महत्या मामले में पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें व्यक्ति ने लिखा है कि ‘लोग बातें कर रहे हैं कि मेरी बेटी के साथ गलत काम हुआ है, यह सब सुनकर बहुत दुख हो रहा है. मैं अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहा हूं, मेरे परिवार को परेशान न किया जाए।

पेट दर्द की थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, नाबालिग को कुछ दिन पहले पेट दर्द की शिकायत हुई थी. जब परिजन उसे अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों की जांच में यह सामने आया कि वह गर्भवती है. इस खुलासे के बाद परिजनों के होश उड़ गए. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. हालांकि, पूछताछ के दौरान पीड़िता किसी आरोपी का नाम बताने की स्थिति में नहीं थी.

सौतेले पिता ने खाया जहर

जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही थी कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म किसने किया. इसी बीच सौतेले पिता ने मानसिक तनाव में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे तुरंत पधर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मृतक का सैंपल डीएनए जांच के लिए लिया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गर्भवती नाबालिग के साथ दुष्कर्म में उसकी कोई भूमिका थी या नहीं. इसके साथ ही कुछ अन्य संदिग्धों के भी डीएनए सैंपल लिए जाएंगे।

भारत में 1GB डेटा की कीमत 1 कप चाय से भी कम’, IMC के उद्घाटन में और क्या बोले पीएम मोदी?

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 के उद्घाटन के मौके पर कहा कि भारत में निवेश, नवाचार और निर्माण के लिए अब सबसे अच्छा समय है। उन्होंने देश में स्वदेशी तकनीक की बढ़ती ताकत, “आत्मनिर्भर भारत” और “मेक इन इंडिया” जैसी पहलें और भारत की प्रगति की दिशा में हो रही उपलब्धियों को उजागर किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत तकनीकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, और इसमें भारतीय उद्योग, स्टार्टअप्स, और शैक्षिक संस्थाओं का बड़ा योगदान है। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे ये सभी मिलकर देश के विकास में सहयोग कर रहे हैं।

5G नेटवर्क की उपलब्धियों पर जोर दिया

प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से 5G नेटवर्क की उपलब्धियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “आज भारत के हर जिले में 5G कनेक्टिविटी है। पहले हम 2G से जूझ रहे थे, अब हर जगह 5G है। यह आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण की ताकत को दर्शाता है।” उन्होंने यह भी बताया कि भारत अब उन कुछ देशों में शामिल है, जिनके पास “मेड इन इंडिया” 4G स्टैक की क्षमता है, जिससे हम डिजिटल स्वावलंबन की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहे हैं। उन्होंने भारत में इंटरनेट डेटा की कम लागत का भी जिक्र किया और कहा, “आज भारत में एक जीबी डेटा की कीमत एक कप चाय से भी कम है। इससे यह साबित होता है कि डिजिटल कनेक्टिविटी अब किसी विशेषाधिकार के रूप में नहीं है, बल्कि यह हर भारतीय के जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है।” प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और निवेश को बढ़ावा देने वाली नीतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी व्यापारिक नीतियों के जरिए एक निवेशक-अनुकूल गंतव्य के रूप में पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री ने IMC 2025 के उद्घाटन के मौके पर यह भी बताया कि इस बार की कांग्रेस का थीम “इनोवेट टू ट्रांसफॉर्म” है, जो डिजिटल परिवर्तन और सामाजिक प्रगति के लिए नवाचार को बढ़ावा देने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस चार दिवसीय IMC 2025 सम्मेलन में 8 से 11 अक्टूबर तक डिजिटल दुनिया में नवीनतम तकनीकी बदलावों और समाधानों पर चर्चा होगी।

सरकार का बड़ा फैसला : पिछली तीन पोस्टिंग के आधार पर होंगे अब कर्मचारियों के तबादले…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के तबादलों की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा सुधार लागू किया है। अब किसी भी कर्मचारी का तबादला उसकी पिछली तीन पोस्टिंग के क्षेत्रों, वहां बिताए गए कार्यकाल और वर्तमान स्टेशन की श्रेणी के आधार पर ही किया जाएगा। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी करते हुए तबादलों से जुड़े व्यापक मार्गदर्शक सिद्धांत 2013 में नया प्रावधान जोड़ा है। आवेदन के साथ परफार्मा जमा करवाना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना परफार्मा के तबादला आदेश जारी करना अवैध माना जाएगा। आदेशों का उल्लंघन करने वाले  अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कार्मिक सचिव की ओर से सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, जिला उपायुक्तों, मंडलायुक्तों और निगम बोर्ड के प्रबंध निदेशकों को पत्र जारी किया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब किसी भी कर्मचारी के तबादले के लिए ट्रांसफर परफार्मा को आवेदन के साथ अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा। इसमें अधिकारी या कर्मचारी को अपनी पिछली तीन नियुक्तियों का पूरा विवरण, प्रत्येक स्थान पर बिताए गए वर्ष-महीनों की अवधि, वर्तमान तैनाती की श्रेणी (कठिन, सामान्य या दूरस्थ क्षेत्र) तथा प्रस्तावित स्थान का उल्लेख करना होगा। कार्मिक सचिव ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य मनमाने तबादलों पर अंकुश लगाना और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता लाना है। अधिकारियों को अब यह स्पष्ट करना होगा कि किसी कर्मचारी को स्थानांतरित करने की क्या प्रशासनिक या सार्वजनिक आवश्यकता है और क्या उसने संबंधित स्थान पर न्यूनतम कार्यकाल पूरा किया है या नहीं।

मुंबई: फ्रॉड केस में शिल्पा शेट्टी पर हाईकोर्ट सख्त, 60 करोड़ रुपये जमा करने के बाद ही विदेश जाने की अनुमति…

मुंबई: शिल्पा शेट्टी की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट ने आज शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के 60 करोड़ रुपये के कथित फ्रॉड मामले में सुनवाई की है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से कहा है कि अगर वे लॉस एंजिल्स और अन्य विदेशी देशों की यात्रा करना चाहते हैं तो पहले उन्हें 60 करोड़ रुपये जमा करने होंगे। बता दें यह आदेश उस याचिका के बाद आया है, जिसमें दंपति ने उनके खिलाफ दर्ज 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़े एफआईआर मामले में जारी लुकआउट सर्कुलर (LOC) को रद्द करने की मांग की थी।

कब होगी अगली सुनवाई?

इस मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर 2025 को होगी। अदालत की यह शर्त ऐसे समय में आई है जब मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) 60 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी के मामले में जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि कपल ने व्यावसायिक और निजी यात्रा के लिए लॉस एंजिल्स जाने की अदालत से अनुमति मांगी थी, लेकिन पीठ ने स्पष्ट कर दिया कि भारी सुरक्षा जमा राशि के बिना यात्रा नहीं की जा सकती।

क्या है पूरा मामला

ये मामला अगस्त में सामने आया था। लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक और व्यवसायी दीपक कोठारी ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। कोठारी के बयान के अनुसार ये घटनाएं 2015 से 2023 के बीच हुईं। उन्होंने दावा किया कि दंपति ने अपनी कंपनी, बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड के लिए 75 करोड़ रुपये का ऋण मांगने के लिए उनसे संपर्क किया था। यह कंपनी लाइफस्टाइल उत्पादों को बढ़ावा देने और एक ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म चलाने के लिए शुरू की गई थी।

कोठारी ने लगाया ये आरोप

शुरुआत में यह 12% ब्याज पर एक कर्ज माना जा रहा था। हालांकि, शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने कथित तौर पर उन्हें इसे निवेश में बदलने के लिए मना लिया, मासिक रिटर्न और मूल राशि की पूरी अदायगी का वादा किया। कोठारी ने दावा किया कि उन्होंने अप्रैल 2015 में 31.95 करोड़ रुपये और उसी साल सितंबर में 28.53 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए, अब उनका कहना है कि इस पैसे का इस्तेमाल व्यवसाय विस्तार के बजाय निजी खर्चों के लिए किया गया।

लंबी पूछताछ और लुकआउट सर्कुलर

सितंबर में,आर्थिक अपराध शाखा ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा दोनों के खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया, जिससे उन्हें बिना पूर्व अनुमति के देश छोड़ने से रोक दिया गया। पिछले हफ्ते आर्थिक अपराध शाखा ने शिल्पा शेट्टी से चार घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की, हालांकि उनकी संलिप्तता का सटीक विवरण अभी भी स्पष्ट नहीं है।

Karva Chauth: सिद्धि योग में करवाचौथ का व्रत देगा दोगुना फल! यहां जानिए शुभ मुहूर्त से लेकर चंद्रोदय तक की जानकारी…

हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक माह की चतुर्थी तिथि को प्रतिवर्ष करवा चौथ (Karvachauth 2025) का व्रत रखा जाता है. यह व्रत सुहागिन महिलाओं द्वारा अपने पति की लंबी उम्र की कामना और वैवाहिक जीवन में खुशहाली के लिए बड़े श्रद्धा‑भाव से मनाया जाता है. इस दिन महिलाएं निर्जल व्रत रखती हैं और शाम के समय चंद्र दर्शन करके जल ग्रहण करती हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार सबसे पहले माता पार्वती ने भगवान शिव के लिए यह व्रत रखा था, वहीं महाभारत में द्रौपदी ने पांडवों के लिए करवा चौथ का व्रत किया था. ऐसा माना जाता है कि इस व्रत से सुहागिन महिलाओं को अखंड सौभाग्य की प्राप्ति होती है।

करवाचौथ पर पूजा का शुभ मुहूर्त
ज्योतिष पंडित कल्कि राम ने बताया, पंचांग के अनुसार कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 9 अक्टूबर की रात्रि 10:55 से शुरू होकर 10 अक्टूबर शाम 7:39 तक रहेगी. पूजा का पहला शुभ मूहर्त 5 बजकर 57 मिनट से लेकर 7 बजकर 11 मिनट तक जबकि दूसरा 9 बजकर 2 मिनट से लेकर 10 बजकर 35 मिनट तक रहेगा. इस दिन चंद्रोदय रात्रि 8:03 पर होगा. 9 अक्टूबर को कृतिका नक्षत्र रात्रि 8:00 से शुरू होकर 10 अक्टूबर 5:32 तक रहेगा. इसके बाद रोहिणी नक्षत्र रहेगा जो 11 अक्टूबर को सुबह 3:27 तक जारी रहेगा।

करवा चौथ 2025 पूजा विधि (Karwa Chauth 2025 Puja Vidhi)

करवा चौथ के दिन व्रती महिलाओं को ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान आदि से निवृत्त हो जाना चाहिए। इसके बाद सरगी का सेवन करें, जो कि इस व्रत की शुरुआत मानी जाती है। सरगी के बाद देवी-देवताओं का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें। करवा चौथ की मुख्य पूजा शाम के समय की जाती है। पूजा के लिए सबसे पहले एक चौकी पर भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करें। साथ ही एक करवा का चित्र भी रखें। पूजा की शुरुआत भगवान शिव की आराधना से करें। उन्हें सफेद चंदन, फूल, माला और भोग अर्पित करें। इसके बाद माता पार्वती को सिंदूर, रोली, कुमकुम, चुनरी और सोलह श्रृंगार की वस्तुएं अर्पित करें। गणेश जी की विधिवत पूजा करें। फिर घी का दीपक जलाएं, धूप दें, और करवा चौथ की व्रत कथा सुनें या पढ़ें। इसके बाद एक टोंटीदार करवा (मिट्टी या पीतल का) लें। उसमें गेहूं, चावल, मिठाई और एक सिक्का डालें। करवा को ढक्कन से बंद कर दें और ऊपर गेहूं या चावल रखें। करवा की टोंटी में कांस (धातु) की सींक लगा दें। अब इस करवे की पूरी श्रद्धा और विधि के साथ पूजा करें। पूजा पूर्ण होने के बाद चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण करें।

करवा चौथ व्रत का धार्मिक महत्व
धार्मिक दृष्टि से करवा चौथ का व्रत सूर्योदय से लेकर रात्रि में चंद्रोदय तक रखा जाता है. इस दिन महिलाएं माता करवा की पूजा अर्चना करती हैं और शुभ मुहूर्त में व्रत का पालन करती हैं. ज्योतिष पंडित बताते हैं कि करवा चौथ के दिन शुभ मुहूर्त में पूजा‑पाठ करने से व्रत का प्रभाव अधिक फलदायक होता है. इस दिन व्रत का प्रभाव सिद्धि योग के संयोग से विशेष रूप से माना जाता है. वहीं, व्यतिपात योग अशुभ प्रभाव वाला होता है, जिससे बचने के लिए 10 अक्टूबर की शाम 5:42 से पहले पूजन का विधान पूरा करना होगा. चंद्रोदय काल में सिर्फ चंद्र पूजन और जल ग्रहण का विधान रखना चाहिए।

करवा माता की आरती (Karwa Chauth Mata Ki Aarti Lyrics)

ओम जय करवा मैया, माता जय करवा मैया।
जो व्रत करे तुम्हारा, पार करो नइया.. ओम जय करवा मैया।

सब जग की हो माता, तुम हो रुद्राणी।
यश तुम्हारा गावत, जग के सब प्राणी.. ओम जय करवा मैया।
कार्तिक कृष्ण चतुर्थी, जो नारी व्रत करती।
दीर्घायु पति होवे , दुख सारे हरती.. ओम जय करवा मैया।

होए सुहागिन नारी, सुख संपत्ति पावे।
गणपति जी बड़े दयालु, विघ्न सभी नाशे.. ओम जय करवा मैया।

करवा मैया की आरती, व्रत कर जो गावे।
व्रत हो जाता पूरन, सब विधि सुख पावे..ओम जय करवा मैया।

आज का राशिफल (Aaj ka Rashifal) 9 अक्टूबर 2025 : कर्क तुला और वृश्चिक राशि के जातक पाएंगे द्विग्रह योग से दोहरा लाभ, जानें अपना आज का भविष्यफल

Aaj Ka Rashifal 9 October 2025 : 9 अक्टूबर का राशिफल ज्योतिषीय गणना के अनुसार मेष राशि के लिए मिश्रित रहने वाला है। जबकि आज का दिन कर्क, तुला और वृश्चिक राशि के जातको को लाभ का अवसर प्रदान करेगा। आज चंद्रमा का गोचर मेष उपरांत वृषभ राशि में होगा और इस गोचर में आज … Read more