
लाइव हिमाचल/मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर क्षेत्र में नाबालिग बेटी के गर्भवती होने के मामले से जुड़ी जांच के बीच सौतेले पिता ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। नाबालिग बेटी से जुड़ा पोक्सो एक्ट का मामला बीते 1 अक्तूबर का है। आत्महत्या मामले में पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें व्यक्ति ने लिखा है कि ‘लोग बातें कर रहे हैं कि मेरी बेटी के साथ गलत काम हुआ है, यह सब सुनकर बहुत दुख हो रहा है. मैं अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहा हूं, मेरे परिवार को परेशान न किया जाए।
पेट दर्द की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, नाबालिग को कुछ दिन पहले पेट दर्द की शिकायत हुई थी. जब परिजन उसे अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों की जांच में यह सामने आया कि वह गर्भवती है. इस खुलासे के बाद परिजनों के होश उड़ गए. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. हालांकि, पूछताछ के दौरान पीड़िता किसी आरोपी का नाम बताने की स्थिति में नहीं थी.
सौतेले पिता ने खाया जहर
जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही थी कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म किसने किया. इसी बीच सौतेले पिता ने मानसिक तनाव में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे तुरंत पधर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मृतक का सैंपल डीएनए जांच के लिए लिया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गर्भवती नाबालिग के साथ दुष्कर्म में उसकी कोई भूमिका थी या नहीं. इसके साथ ही कुछ अन्य संदिग्धों के भी डीएनए सैंपल लिए जाएंगे।





