ऊना : हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में सोमवार को आस्था का एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने श्रद्धा की परिभाषा को और गहरा कर दिया। पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने माता रानी के चरणों में लगभग 25 तोले सोने का मुकुट और टिका अर्पित किया।
मंदिर के पुजारी संदीप कालिया के अनुसार, यह भेंट किसी प्रदर्शन का हिस्सा नहीं, बल्कि एक सहज भाव का परिणाम थी। श्रद्धालु के मन में माता के प्रति कृतज्ञता का भाव जागा और उसी भाव से प्रेरित होकर उन्होंने यह कीमती भेंट समर्पित कर दी। विशेष बात यह रही कि दानदाता ने अपनी पहचान गोपनीय रखने का आग्रह किया। मानो संदेश यह हो कि भक्ति का मूल्य नाम से नहीं, भावना से तय होता है। माता चिंतपूर्णी धाम में समय-समय पर देशभर से भक्त अपनी श्रद्धा अनुसार भेंट चढ़ाते हैं। लेकिन हर भेंट के पीछे एक निजी कथा, एक मौन प्रार्थना छिपी होती है। यह स्वर्ण मुकुट भी शायद किसी मनोकामना, किसी आभार या किसी विश्वास की कहानी कह रहा है। बाजार में सोने के मौजूदा भाव को देखते हुए, इस मुकुट और टिके की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी जा रही है। लोग श्रद्धालु का भक्ति भाव व समर्पण देखकर हैरान हैं। माता के दरबार में ऐसे क्षण बार-बार याद दिलाते हैं कि आस्था का संसार तर्क से परे, लेकिन भावना से भरा होता है, जहां देने वाला मौन रहता है और कहानी खुद बोलती है। माता चिंतपूर्णी के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। कहते हैं कि माता अपने भक्त की चिंता हरण कर लेती है और उस पर आंच नहीं आने देती।





