लाइव हिमाचल/ मनाली : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में चंडीगढ़-मनाली हाईवे-3 पर बबेली स्थित आईटीबीपी कैंप के बाहर एक दर्दनाक हिट एंड रन मामले में मंडी के जैंजहली के बायला गांव निवासी 25 वर्षीय चेतन पुत्र टीकम सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका 23 वर्षीय साथी योगेश पुत्र गोवर्धन गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे दोनों युवक बाइक पर कुल्लू से मनाली की ओर जा रहे थे, तभी मनाली की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप जीप कैंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और वाहन को रोके बिना बाइक को करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पिकअप चालक की लापरवाही साफ नजर आ रही है। स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ दोनों युवकों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जहां चेतन ने दम तोड़ दिया और योगेश का उपचार जारी है, वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





