
सोलन : गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला सोलन स्तर पर आयोजित भव्य समारोह में 33 वर्ष की आयु में 49 बार रक्तदान करने वाले युवा विजय भट्टी को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल जी ने अपने कर-कमलों से सम्मान पत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर माननीय विधायक अर्की श्री संजय अवस्थी जी, माननीय विधायक कसौली श्री विनोद सुल्तानपुरी जी, जोगिंद्रा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक सोलन के चेयरमैन श्री मुकेश शर्मा जी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आपको बता दें कि विजय भट्टी जिला सोलन के निवासी हैं, और साथ ही सोलन हेल्पिंग सोसायटी के संस्थापक भी है, जहां उन्होंने 65000 से ज्यादा जरूरतमंद को रक्त मुहैय्या करवाया है और जरूरतमंद लोगों को राशन, स्कूल के बच्चों की फीस जैसी मदद सोलन हेल्पिंग सोसायटी करवाती रहती है। संस्था के संस्थापक विजय भट्टी ने रक्तदान को एक आदत बनाकर समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है बल्कि उन सभी स्वयंसेवी रक्तदाताओं के लिए प्रेरणा स्रोत है जो बिना किसी अपेक्षा के दूसरों की जान बचाने में लगे रहते हैं। इस समारोह में रक्तदान की महत्वपूर्णता पर जोर देते हुए कहा गया कि रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। आयोजकों ने सभी युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और इस नेक कार्य को बढ़ावा दें। वहीं विजय भट्टी ने इस मौके पर अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह मेरे परिवार, मित्रों और सभी सहयोगियों के समर्थन का परिणाम है। मैं भविष्य में भी रक्तदान जारी रखूंगा और अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करूंगा।





