लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर/कसौली: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़वा की छात्राओं ने जिला स्तरीय रंगोत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुलरवाला में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने अपनी कला, प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय देते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट स्थान हासिल किए। रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की महक और दिव्यांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर आकर्षक रंगोली तैयार कर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। वहीं, पेंटिंग प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की प्रियांशी ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का लोहा मनवाया। नृत्य प्रतियोगिता में निकिता और उर्वशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और कड़ी जोड़ी।
रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्राओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। यह कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।छात्राओं की इस सफलता में विद्यालय के शिक्षक सोहन लाल और रीना धवन का विशेष योगदान रहा। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान छात्राओं को मार्गदर्शन और प्रशिक्षण प्रदान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि छात्राएं राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिला सोलन का नाम गौरवान्वित करेंगी।





