
चंबा : हिमाचल के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में 22 जनवरी को भरमाणी माता मंदिर मार्ग पर लापता हुए दो युवकों का शव बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान पीयूष कुमार (13) पुत्र विक्रमजीत, निवासी गांव घरेड़ और विकसित राणा (19) निवासी गांव मलकौता, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों 22 जनवरी को भरमाणी माता मंदिर के दर्शन व वीडियो शूटिंग के उद्देश्य से घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने तलाश शुरू की और प्रशासन को सूचना दी गई। लगातार बर्फबारी, दुर्गम रास्तों और खराब मौसम के बावजूद पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से खोज अभियान चलाया। प्रशासन ने युवकों के शव को बरामद कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियों, सन्नाटे और मौत की ठिठुरन के बीच अगर किसी ने इंसानियत को सबसे ज्यादा जिंदा रखा, तो वह एक बेज़ुबान पालतू कुत्ता था। भरमौर उपमंडल के मलकोता क्षेत्र में 22 जनवरी से लापता युवकों की तलाश के दौरान जो दृश्य सामने आया, उसने खोज व बचाव दल से लेकर पूरे इलाके को भीतर तक झकझोर दिया।चार फुट मोटी बर्फ की चादर में दबे एक किशोर के शव के पास, तीन दिनों से डटा हुआ उसका पालतू कुत्ता न भूखा-प्यासा पीछे हटा, न ही अपने मालिक को अकेला छोड़ा। यह दर्दनाक कहानी है पीयूष (14) पुत्र विक्रमजीत, निवासी गांव घरेड की। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर किशोर और उसके साथी रात में रुके थे, वहीं भारी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड ने हालात को जानलेवा बना दिया।





