
लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन शहर के सपरून में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ एक मामूली विवाद अब पुलिस और बार एसोसिएशन के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इस मामले में पुलिस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। फिलहाल, पुलिस थाना सदर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। इस मामले को लेकर आज बुधवार को डीएसपी अशोक चौहान ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि यह घटना 3 जनवरी 2026 की रात की है। सपरून चौकी में राजकुमार नामक व्यक्ति अपने भाई राजपाल और कुछ साथियों के साथ पहुंचे। पुलिस के अनुसार, राजकुमार अत्यधिक नशे की हालत में थे और अपनी बात स्पष्ट नहीं कह पा रहे थे। उनके भाई राजपाल ने लिखित बयान में बताया कि उसके जन्मदिन की पार्टी ‘तोप की बेड’ नामक स्थान पर चल रही थी। वहां राजकुमार और स्थानीय प्रधान सुमित के बीच किसी बात पर बहस हुई, लेकिन कोई मारपीट नहीं हुई। पुलिस ने राजकुमार की हालत देखते हुए उनका मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टर ने पुष्टि की कि राजकुमार शराब के अत्यधिक नशे में थे। नशे के कारण वे बयान देने की स्थिति में भी नहीं थे। डॉक्टर ने उन्हें ईएनटी (ENT) जांच और एक्स-रे करवाने की सलाह दी थी, ताकि किसी अंदरूनी चोट का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि अगले दो दिनों तक राजकुमार को बार-बार एक्स-रे और जांच के लिए बुलाया गया। पहले उन्होंने समझौता होने की बात कही और फिर निजी कार्यों का हवाला देकर टालमटोली की। लेकिन 6 जनवरी को राजकुमार ने जांच करवाने के बजाय जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ मिलकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस का आरोप है कि उन्होंने तथ्यों को पूरी तरह से पेश नहीं किया। मामले के तूल पकड़ने के बाद, राजकुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं 126(2), 115(2), 352, 351, 131 और 3(5)—के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। दूसरे पक्ष ने भी अपनी शिकायत दी है, जिसकी जांच चल रही है। जिला पुलिस सोलन ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ अपनाई जा रही है। पुलिस ने जिला बार एसोसिएशन को विश्वास दिलाया है कि सपरून चौकी की कार्यप्रणाली और दर्ज मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी। पुलिस ने सभी पक्षों से सहयोग की अपील की है।





