Home » Uncategorized » मुकेश अग्निहोत्री मंच से बोले: शानन प्रोजेक्ट से पंजाब पीछे खींचे अपने पांव…

मुकेश अग्निहोत्री मंच से बोले: शानन प्रोजेक्ट से पंजाब पीछे खींचे अपने पांव…

लाइव हिमाचल/मंडी : जनपद के जोगिंद्रनगर में 100 वर्ष पहले बने शासन पावर प्रोजेक्ट को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कह दिया है कि इस प्रोजेक्ट को किसी भी सूरत में पंजाब को नहीं दिया जाएगा। सरकार की तरफ से यह बात डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी में आयोजित हिमाचल दिवस के जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मार्च 2024 में इस प्रोजेक्ट की 99 वर्षों की लीज अवधि समाप्त हो चुकी है और अब इस प्रोजेक्ट को पंजाब को हिमाचल को सौंपना ही होगा। यह पंजाब पुनर्गठन के दौरान संपतियों के बंटवारे का मामला नहीं है क्योंकि मंडी कभी भी पंजाब का हिस्सा नहीं रहा है। उन्होंने पंजाब के सीएम और वहां की सरकार से आग्रह किया है कि अगर वे हिमाचल को अपना भाई मानते हैं तो इस प्रोजेक्ट को वापिस लौटा दें। प्रदेश सरकार इस मामले में एक इंच भी पीछे हटने वाली नहीं है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर हरियाणा ने भी इस प्रोजेक्ट पर अपना हक जताया था जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने न्यायालय के समक्ष इस बात का दावा किया है कि इस प्रोजेक्ट पर पूरी तरह से हिमाचल का अधिकार है और यह पंजाब पुनर्गठन का मामला नहीं है।उन्होंने कहा कि पंजाब पुनर्गठन का मामला अलग है और उस मामले को भी प्रदेश सरकार अदालत से वर्ष 2011 में जीत चुकी है। उसका तीन हजार करोड़ का क्लेम लेना अभी बाकी है लेकिन 13 साल बाद भी यह क्लेम नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने फिर से कहा कि शासन प्रोजेक्ट पर हिमाचल का अधिकार है और पंजाब को इससे अपने पांव पीछे खिंचने पड़ेंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को प्रकृति ने दिल खोलकर दिया है। यहां की नदियां पूरे देश की प्यास बुझाती हैं। यहां का पर्यावरण पूरे देश को स्वच्छ वातावरण देता है। प्रदेश में पेड़ों को नहीं काटा जाता ताकि यहां की स्वच्छ आवोहवा बरकरार रहे। लेकिन इसके बदले में प्रदेश को केंद्र से जो मदद मिलनी चाहिए वह नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौर में भी प्रदेश को केंद्र से कोई मदद नहीं मिलती, जोकि न्यायोचित नहीं है। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया और शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रध्वज फहराया और परेड़ का निरीक्षण करने के उपरांत सलामी की। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंगा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया। समारोह में जिला के विधायक, पूर्व मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *