Home » Uncategorized » विभिन्न विभागों में लटकी पड़ी कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाएगी सरकार

विभिन्न विभागों में लटकी पड़ी कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाएगी सरकार

शिमला : त्रिलोक ठाकुर की अध्यक्षता वाले हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सचिवालय में मुलाकात की। इस दौरान त्रिलोक ठाकुर ने अराजपत्रित कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। महासंघ ने विशेष रूप से वरिष्ठ सहायकों की लंबित पदोन्नति का मुद्दा भी सीएम के समक्ष उठाया, जो विभिन्न प्रशासनिक अड़चन के कारण रुका हुआ है। महासंघ के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि न केवल वरिष्ठ सहायकों, बल्कि शिक्षा सहित अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों की पदोन्नति भी लंबे समय से रुकी हुई है। ऐसे में उन्होंने सभी कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की ताकि उनके हक और सेवाओं का सम्मान हो सके। महासंघ के अनुसार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और स्पष्ट किया कि सरकार सभी विभागों के अराजपत्रित कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वरिष्ठ सहायकों के साथ-साथ शिक्षा विभाग और अन्य विभागों के कर्मचारियों की पदोन्नति संबंधी औपचारिकताओं को भी अगले 2 दिनों के भीतर पूरा किया जाए। त्रिलोक ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष होगी, ताकि कोई भी योग्य कर्मचारी अपने हक से वंचित न रहे। महासंघ ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए इसी तरह के ठोस और सकारात्मक कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *