Home » ताजा खबरें » हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, दो जिलों में छुट्टियों का ऐलान….

हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, दो जिलों में छुट्टियों का ऐलान….

शिमला : हिमाचल प्रदेश में हालिया बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। आनी के निरमंड क्षेत्र, कुल्लू के मलाणा, मंडी जिले के थलटूखोड़, और चंबा जिले में बादल फटने के कारण कई मकान, स्कूल और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। विभिन्न स्थानों पर करीब 50 लोग लापता हैं और चार शव बरामद किए गए हैं। मंडी जिले में 35 लोग सुरक्षित बचाए गए हैं। इन घटनाओं के कारण मंडी जिले के पधर क्षेत्र के सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान आज बंद कर दिए गए हैं, जबकि कुल्लू में भी सभी शिक्षण संस्थान 2 अगस्त के लिए बंद कर दिए गए हैं। मंडी के थलटूखोड़ में आधी रात बादल फटने की घटना ने गंभीर नुकसान पहुंचाया है। कई मकान ढह गए हैं और सड़क संपर्क भी ठप हो गया है। थलटूखोड़ पंचायत प्रधान कली राम ने बताया कि तेरंग और राजबन गांव में बादल फटने से तीन घर बह गए हैं। अब तक आठ लोग लापता हैं, दो शव बरामद हुए हैं, और एक व्यक्ति घायल है। मंडी जिला प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए एयरफोर्स को अलर्ट किया है और एनडीआरएफ से मदद मांगी है। डीसी अपूर्व देवगन और रेस्क्यू टीमें प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हो चुकी हैं, लेकिन टूटी सड़कों के कारण राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है।

सीएम ने की अमित शाह से बात

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए शिमला से हेलीकॉप्टर के माध्यम से रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि 50 लोग लापता हैं और एनडीआरएफ की दो टीमें भी भेजी गई हैं। सीएम ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की है और एयरफोर्स को भी तैयार रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की है और उनसे एनडीआरएफ की दो अतिरिक्त टीमें भेजने का अनुरोध किया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी स्थिति पर चर्चा की गई है और केंद्र से आपदा में मदद का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *