



शिमला : प्रदेश में 2003 के बाद के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन मिलनी शुरू हो गई है। शुक्रवार को प्रदेश के दो कर्मचारियों को पुरानी पेंशन मिल गई है। मंडी और कांगड़ा जिला के दोनों कर्मचारियों का केस एजी ऑफिस से बहाल हो गया है और अब इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ट्रेजरी कार्यालय के माध्यम से पेंशन मिल जाएगी। जिसकी जानकारी प्रदेश कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने दी है।उन्होंने पुरानी पेंशन की बहाली पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
बता दें कि ओल्ड पेंशन स्कीम के लिए प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेशभर के कर्मचारियों ने दोनों सरकारों को हिलाकर रख दिया था जिसके बाद कांग्रेस की सरकार ने सत्ता में आने के लिए इसे सबसे बड़ा मुद्दा बनाया था। कांग्रेस ने चुनाव के लिए इसे प्रमुख गारंटी के रूप में मुद्दा बनाकर सत्ता काबिज की थी। जिसके बाद कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की हामी भरी थी। ओल्ड पेंशन स्कीम को लेकर सोलन में प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रियंका गांधी से भेंट भी की थी जिसके बाद प्रदेश में सरकार बनते ही सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी थी जिसके बाद शुक्रवार को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम लागू हो गई है।