



सुंदरनगर : वर्तमान कांग्रेस सरकार इस आपदा की घड़ी में प्रदेश की जनता को राहत प्रदान करने में विफल रही है। आज भी हिमाचल की जनता भारी बारिश के कारण हुई कठिनाइयों का सामना कर रही है। हिमाचल प्रदेश में ऐसे कई गांव है, जहां अभी भी बिजली पानी नहीं पहुंच पा रहा है। यह बात प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय राणा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कही।
अजय राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कई पुल टूटे हैं, जिसकी वजह से आवागमन ठाक है। इन गांव का संपर्क टूटा हुआ है, यहां राहत सामग्री जनता तक नहीं पहुंच पा रही है। हिमाचल प्रदेश में आज भी सड़के, बिजली के ट्रांसफार्मर व पेयजल योजनाएं ठप है। इसके कारण हिमाचल की जनता को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कुल मिलाकर कांग्रेस के नेताओं में तालमेल की कमी के कारण जनता को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश की मदद के लिए किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जा रही है। अभी तक राहत के रूप में 361 करोड़ रुपए की राहत राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके लिए भी हम केंद्र सरकार के आभारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता केवल मात्र श्रेय लेने की दौड़ में लगे हुए हैं। जो राशि केंद्र द्वारा दी जा रही है उसको नगद रूप में जनता के बीच जाकर बांट उसके चित्रों को सोशल मीडिया पर डाला जा रहा है। यह राशि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल सरकार को दी गई है।