Home » ताजा खबरें » हिमाचल की 5000 करोड़ रुपए की सेब आर्थिकी पर ओलावृष्टि का कहर शुरू

हिमाचल की 5000 करोड़ रुपए की सेब आर्थिकी पर ओलावृष्टि का कहर शुरू

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश की 5000 करोड़ की सेब आर्थिकी पर मौसम की मार पड़ गई है। सूबे के कुल्लू, शिमला और सिरमौर के कुछ हल्कों में दोपहर बाद ओलावृष्टि हुई। इससे किसानों-बागवानों की फसलों को नुकसान हुआ है। कुल्लू के मंझलीहार में भारी ओलावृष्टि से सेब की फसल तबाह हो गई है। इससे सभी फूल और पत्ते झड़ गए हैं। शिमला जिला के दुर्गम क्षेत्र कुपवी और सिरमौर के कोटी-बोंच में भी दोपहर बाद ओले गिरे। इससे सेब, मटर और टमाटर की फसल को काफी नुकसान हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी कर अगले 12 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला, सिरमौर जिलों में आसमानी बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान नॉर्मल से 4 डिग्री ज्यादा हो गया है। कल्पा का मैक्सिमम तापमान नॉर्मल से 7.1 डिग्री ज्यादा के साथ 22.5 डिग्री हो गया है। शिमला का अधिकतम तापमान 5.3 डिग्री ज्यादा के साथ 25.2 डिग्री, भुंतर का पारा 5.6 डिग्री ज्यादा के साथ 31.5 डिग्री, धर्मशाला का तापमान नॉर्मल से 4.9 डिग्री ज्यादा के साथ 30.0 डिग्री सेल्सियस हो गया है। बता दें कि प्रदेश के 5 हजार 8000 फीट से कम ऊंचे क्षेत्रों में इन दिनों सेब की फ्लावरिंग चल रही है। ऐसे वक्त में ओलावृष्टि और तूफान सेब के लिए खतरनाक है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस परसों तक एक्टिव रहेगा। मगर आज रात और कल दिनभर ज्यादा बारिश के आसार है। 12 अप्रैल को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ही बारिश के आसार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *