Home » Uncategorized » Bhai Dooj 2026 Shubh Muhurat Live: आज मनाया जा रहा है भाई दूज, जानिए तिलक का सबसे शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Bhai Dooj 2026 Shubh Muhurat Live: आज मनाया जा रहा है भाई दूज, जानिए तिलक का सबसे शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Bhai Dooj 2026 Shubh Muhurat Live Updates: भाई-बहन के पावन रिश्ते को समर्पित भाई दूज का पर्व इस वर्ष 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा। इस शुभ अवसर पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक कर उनका मुंह मीठा कराती हैं, वहीं भाई भी अपनी बहनों को आजीवन रक्षा का वचन देते हैं। इस पर्व को भाऊ बीज और भात्र द्वितीया भी कहा जाता है और कुछ स्थानों पर इस दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा भी की जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज का यह पर्व यमराज और उनकी बहन यमुना के मिलन की स्मृति में मनाया जाता है। कहते हैं इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर उनसे मिलने गए थे। कहा ये भी जाता है कि जो भाई-बहन इस दिन एक साथ यमुना नदी में स्नान करते हैं उनकी आयु और सौभाग्य में वृद्धि होती है। चलिए अब विस्तार से जानते हैं भाई दूज मनाने की संपूर्ण विधि और तिलक का शुभ मुहूर्त।

भाई दूज 2026 पर भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त

भाई दूज 2026 पर भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त 11 नवंबर 2026 की दोपहर 01:10 से 03:20 बजे तक रहेगा। पंचांग अनुसार भाई दूज की तिथि 10 नवंबर की दोपहर 02 बजे से शुरू होकर 11 नवंबर की दोपहर 03:53 बजे तक रहेगी। भाई दूज पर तिलक के लिए दोपहर से पहले सुबह 9:28 बजे से 11:29 बजे तक शुभ मुहूर्त रहेगा। इसके बाद दोपहर 12:03 बजे से 1:24 बजे तक राहुकाल रहेगा। इस दौरान भाइयों का तिलक करने से बचना चाहिए। राहुकाल समाप्त होने के बाद दोबारा तिलक किया जा सकता है। हालांकि, बहनों को दोपहर 3:53 बजे तक तिलक की रस्म पूरी कर लेनी चाहिए।

क्यों मनाया जाता है भाई दूज का पर्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज का संबंध भगवान सूर्य के पुत्र यमराज और उनकी बहन यमुना से है। कथा के अनुसार, यमुना अपने भाई यमराज से मिलने के लिए उन्हें बार-बार आमंत्रित करती थीं। एक दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। यमुना ने उनका स्वागत किया, माथे पर तिलक लगाया और भोजन कराया। बहन के प्रेम और आदर से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा।

यमुना ने वरदान मांगा कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाए और उससे तिलक करवाए, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे। तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों को तिलक करने की परंपरा चली आ रही है। मान्यता है कि इस दिन बहन के हाथों तिलक करवाने से भाई को सुख-समृद्धि और लंबी आयु का आशीर्वाद मिलता है।

ऐसे करें भाई दूज की पूजा

भाई दूज के दिन सुबह स्नान कर स्वच्छ कपड़े पहनें। इसके बाद पूजा स्थल पर भगवान गणेश, विष्णु और यमराज का स्मरण करें। बहनें पूजा की थाली में रोली, अक्षत, मिठाई, दीपक और नारियल रखें। भाई को शुभ मुहूर्त में आसन पर बैठाकर माथे पर रोली और अक्षत से तिलक करें। इसके बाद आरती उतारें और मिठाई खिलाएं। भाई अपनी बहन को उपहार देकर उसके सुखी जीवन की कामना करें। इस दिन भाई-बहन साथ बैठकर भोजन करने की भी परंपरा है।

भाई दूज पूजा विधि

  • भाई दूज के दिन सुबह जल्दी उठकर शरीर पर तेल-उबटन आदि करने के बाद स्नान करें।
  • इसके बाद घर के पूजास्थल में पंचोपचार विधि से सभी देवों की पूजा करें।
  • फिर बहनें एक थाली में हल्दी, कुमकुम, अक्षत, दीया, मिठाई, कलावा और गोला रखें। इस थाली को पहले भगवान को अर्पित करें।
  • फिर शुभ मुहूर्त में बहनें अपने भाई को एक चौकी पर बिठायें। भाई एक रुमाल या किसी कपड़े से अपने सिर को ढंक लें।
  • इसके बाद बहन भाई को हल्दी, कुमकुम और अक्षत से तिलक लगाएं। फिर भाई के हाथ में कलावा बांधें और उनकी आरती उतारें।
  • अब बहनें भाई को मिठाई खिलाएं और भाई अपनी बहनों को कुछ न कुछ उपहार दें।
  • इस दिन बहनें अपने भाईयों को अपने हाथ का बना कुछ न कुछ पकवान जरूर खिलाएं। कहते हैं ऐसा करना शुभ माना जाता है।
  • यदि भाई और बहन एक ही घर में रहते हैं, तो दोनों साथ में दोपहर में भोजन करें। लेकिन अगर बहन की शादी हो चुकी है तो भाई अपनी बहन के ससुराल में जाकर यह पर्व मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *