शिमला: दीवाली के अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नति की फाइल पर तुरंत फैसला लेते हुए कुल 675 अधिकारियों की पदोन्नति (प्रमोशन) को मंजूरी प्रदान की है। इस फैसले के तहत 52 हेडमास्टरों को पदोन्नत कर प्रिंसिपल बनाया जाएगा, जबकि 623 टीजीटी और लेक्चरर्स को हेडमास्टर के पद पर प्रमोट किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि इस पदोन्नति का लाभ बिना किसी देरी के सुनिश्चित किया जाए और सभी पदोन्नत अधिकारी जल्द से जल्द अपने नए पदों पर कार्यभार संभालें। सरकार के इस कदम से राज्य के स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े नेतृत्व और प्रशासनिक पदों को भरने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री का मानना है कि स्कूलों में प्रिंसिपल और हेडमास्टर जैसे महत्वपूर्ण पद खाली रहने से शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ रोजमर्रा का कामकाज, प्रशासनिक फैसले और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में स्कूलों में मुखिया की उपलब्धता से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और शैक्षणिक माहौल में सुधार आएगा। दीवाली पर मिली इस सौगात से शिक्षा विभाग के 675 अधिकारियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर है।




