शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री को लेकर कड़े आदेश जारी किए हैं। नए निर्देशों के तहत अब तंबाकू बेचने वाले दुकानदारों के लिए शर्तों के साथ लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना लाइसेंस तंबाकू बेचने पर पंचायतों को दुकानों में ताला लगाने का अधिकार होगा। आदेशों के अनुसार पंचायतें अपने क्षेत्र में धूम्रपान रहित (नो स्मोकिंग) जोन चिन्हित करेंगी। इन क्षेत्रों में धूम्रपान करने पर पंचायतें 200 रुपये तक का जुर्माना लगा सकेंगी। प्रत्येक पंचायत में नशा निवारण समिति का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता पंचायत प्रधान करेंगे। समिति में स्कूल अध्यापक, पंचायत सचिव, पटवारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और एक पुलिस कर्मचारी शामिल होंगे। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों से 100 मीटर की दूरी के भीतर तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। दुकानों के बाहर तंबाकू से संबंधित किसी भी प्रकार के विज्ञापन बोर्ड नहीं लगाए जा सकेंगे। साथ ही दुकानों के आसपास तंबाकू का कचरा बिखरा पाए जाने पर दुकानदार पर जुर्माना लगाया जाएगा। लाइसेंस प्राप्त करने के लिए दुकानदारों को दो गवाहों के शपथ पत्र जमा करने होंगे। इन गवाहों के पूरे पते और फोन नंबर अनिवार्य होंगे और उनकी जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। लाइसेंसधारी दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर स्पष्ट रूप से साइन बोर्ड लगाना होगा, जिसमें लिखा होगा कि 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू बेचना दंडनीय अपराध है। केवल स्वास्थ्य चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों की ही बिक्री की अनुमति होगी। बिना स्वास्थ्य चेतावनी वाले उत्पाद बेचने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Day: December 13, 2025
ग्रेट खली के जमीन विवाद पर हरकत में प्रशासन, फास्ट ट्रैक से हो रही जांच…
नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में ग्रेट खली के जमीन विवाद की शिकायत पर प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। रेसलर ग्रेट खली उर्फ दलीप सिंह राणा ने पांवटा साहिब उपमंडल के सूरजपुर में जमीनी विवाद की उपायुक्त सिरमौर को शिकायत सौंपी थी। इसके बाद अब एसडीएम पांवटा साहिब ने फास्ट ट्रैक से जांच शुरू कर दी है। पांवटा साहिब के एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने बताया कि जमीनी प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच को फ़ास्ट ट्रैक आधार पर किया जा रहा है, जिससे न्यायहित में शीघ्र निर्णय लिया जा सके। एसडीएम ने बताया कि जवाला राम पुत्र हरिया निवासी धीराईना तहसील शिलाई द्वारा भूमि विवाद एवं अवैध कब्जा प्रयास संबंधी शिकायत 05 दिसंबर से औपचारिक जांच प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। यह भी उल्लेखनीय है कि उक्त प्रकरण के संबंध में शिकायतकर्ता के पुत्र एवं प्रसिद्ध रेसलर द ग्रेट खली द्वारा हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के माध्यम से मामले को सार्वजनिक रूप से उठाया गया है, जिसके उपरांत प्रशासन द्वारा तथ्यों की गहराई से जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित पक्षों शिकायतकर्ता, निजी प्रतिवादी तथा संबंधित राजस्व अधिकारियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। साथ ही संपूर्ण राजस्व रिकॉर्ड, शीर्षक दस्तावेज़ तथा अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया है। उपमंडल प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी पक्षों को अपनी बात रखने का समान अवसर दिया जाएगा।
पुलिस की एक साथ 27 ठिकानों पर की रेड…
सोलन: हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए ज़िला सोलन पुलिस ने मुहिम शुरू कर दी है। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी ड्रग अभियान के तहत 12 दिसंबर को पुलिस ने जिले भर में एक बड़ा ऑपरेशन चलाया। पुलिस टीमों ने एक साथ 27 अलग-अलग संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी, जिससे नशा तस्करों और नशेड़ियों में हड़कंप मच गया।पुलिस मुख्यालय शिमला से मिले निर्देशों के बाद यह कार्रवाई की गई। सोलन सदर, कंडाघाट, धर्मपुर, अर्की, दाड़लाघाट, कुनिहार, महिला थाना और परवाणू पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। पुलिस ने उन खास जगहों को निशाना बनाया जहां अक्सर नशा करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। टीमों ने शहर के पार्कों, झुग्गी-झोपड़ियों और अन्य सुनसान व संदिग्ध इलाकों की बारीकी से तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिछले एक महीने से चिट्टा और हेरोइन जैसे जानलेवा नशे के खिलाफ छेड़ी गई इस जंग के अच्छे नतीजे सामने आने लगे हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से न केवल नशा माफिया डरा हुआ है, बल्कि सार्वजनिक जगहों पर नशा करने वालों की गतिविधियों में भी भारी कमी आई है। जिला पुलिस ने साफ कर दिया है कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की यह नीति भविष्य में भी जारी रहेगी। आने वाले दिनों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण और छापेमारी की जाएगी ताकि युवाओं को नशे के दलदल में फंसने से बचाया जा सके। जिला पुलिस द्वारा यह कार्यवाही नशेड़ियों के चिन्हित ठिकानों, झुग्गी-झोपड़ियों, पार्कों तथा संदिग्ध स्थलों पर की गई। जिला पुलिस की नशे के विरूद्ध इतने व्यापक स्तर पर की गई कार्यवाही से नशेड़ियों तथा नशा कारोबारियों को नशे के खिलाफ जीरो टोलरेंस का कड़ा संदेश गया है। चूंकि सोलन पुलिस द्वारा विगत काफी समय से नशा कारोबारियों के खिलाफ इस प्रकार की कार्यवाही लगातार की जा रही है जो परिणामस्वरूप जिला में नशेड़ियों की गतिविधियों में गिरावट दर्ज की गई है। सोलन पुलिस नशा मुक्त समाज की परिकल्पना हेतू सतत् कार्यशील है। जिला में नशे का कारोबार चलाने वालों के विरूद्ध इस प्रकार की रेड़/ छापेमारी भविष्य में जारी रहेगी ताकि समाज की युवा शक्ति को नशे के चंगुल में फंसने से बचाकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों में लगाया जा सके।
हॉकी में सोलन कॉलेज की बेटियों ने बिलासपुर को हराकर पाया तीसरा स्थान
सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन की महिला हॉकी टीम ने खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया है। ऊना में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की ओर से आयोजित अंतर-महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में सोलन की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया है। यह जीत आसान नहीं थी। तीसरे स्थान के लिए हुए कड़े मुकाबले में सोलन की लड़कियों ने राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर की टीम को हराकर यह उपलब्धि अपने नाम की। जीत का परचम लहराकर जब टीम वापस कॉलेज लौटी, तो वहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली और अन्य शिक्षकों ने खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई। डॉ. कोहली ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटियों की इस सफलता पर कॉलेज को नाज है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी टीम इसी तरह बेहतरीन प्रदर्शन करती रहेगी। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक डॉ. रविराम ने बताया कि टीम का यह प्रदर्शन पूरे कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की मेहनत और लगन दूसरी छात्राओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
सोलन कॉलेज के छात्रों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ
लाइव हिमाचल/सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में आज सड़क सुरक्षा को लेकर रोड सेफ्टी क्लब की अगुवाई में छात्रों और स्टाफ ने न केवल खुद यातायात नियमों का पालन करने की कसम खाई, बल्कि सड़कों पर उतरकर आम जनता को भी जागरूक किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह से हुई, जहां कॉलेज की प्राचार्या … Read more
हजारों करोड़ केंद्र से मिले धरातल पर कुछ नहीं उतरा नड्डा बोले- हिमाचल में सीएम व मंत्रियों के बीच तालमेल नहीं
शिमला: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला में अभिनंदन रैली को संबोधित करते हुए अपने वक्तव्य की शुरुआत मां तारा देवी, जाखू मंदिर के आराध्य बजरंग बली के जयकारे के साथ की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने का अवसर है। नड्डा ने कहा कि बिहार में मिली ऐतिहासिक और बंपर जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति बिहार की जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। बिहार की माताओं-बहनों, युवाओं, किसानों और श्रमिकों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और नेतृत्व पर मुहर लगाई है। जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने हिमाचल की जनता से स्पष्ट कहा था कि कांग्रेस को सत्ता में लाने की गलती न करें, क्योंकि हिमाचल के विकास का एकमात्र रास्ता डबल इंजन की सरकार है। उन्होंने कहा कि यहां बैठे लोग हिमाचल को आगे बढ़ते देखना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस की राजनीति केवल “खाओ, पीयो और मौज करो” तक सीमित है। कांग्रेस भविष्य की नहीं, केवल सत्ता सुख की राजनीति करती है, इसलिए भाजपा और कांग्रेस की सोच का मेल संभव ही नहीं है। नड्डा ने भाजपा की कार्यशैली को परिभाषित करते हुए ‘5 क’-कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कोर्स, कोष और कार्यालय-पर विशेष जोर दिया। नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यालय केवल इमारतें नहीं, बल्कि संस्कार केंद्र हैं, जहां से जनता की सेवा कर देश को आगे बढ़ाने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया जाता है।
देश की राजनीति 11 वर्ष पहले पूरी तरह बदल गई
नड्डा ने कहा कि देश की राजनीति 11 वर्ष पहले पूरी तरह बदल गई। पहले केंद्र सरकार बनती थी और फिर वह किसी एक वर्ग, परिवार, जाति या मजहब तक सीमित हो जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीति की दिशा ही बदल दी। अब देश में “एक की बात, एक सरकार” की राजनीति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि देश का प्रधानसेवक मानते हैं। कर्तव्य पथ और कर्तव्य भवन इसी बदली हुई राजनीति का प्रतीक हैं। नड्डा ने कहा कि भाजपा को छोड़कर देश की अन्य सभी राजनीतिक पार्टियां सत्ता सुख में डूबी हुई हैं और उनमें वैचारिक शून्यता है। भाजपा ने धारा 370 को समाप्त किया, राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और आज राम मंदिर में ध्वज फहरा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर भाजपा ने मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाया, जो कई मुस्लिम देशों में पहले ही समाप्त हो चुकी थी।
नड्डा ने भरी हुंकार, चार जगह होगी भाजपा सरकार
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् और आजादी के मूल भाव को खंडित किया, जबकि भाजपा देश को आगे बढ़ाने की राजनीति करती है। नड्डा ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा बंगाल, तमिलनाडु, पांडिचेरी, असम सहित कई राज्यों में सरकार बनाएगी। उन्होंने बताया कि भाजपा के देशभर में 14 करोड़ सदस्य, 10 लाख से अधिक सक्रिय सदस्य और 6 लाख से अधिक बूथों पर संगठनात्मक समितियां गठित हो चुकी हैं, जिससे भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
केंद्र ने हिमाचल के लिए क्या कमी छोड़ी
नड्डा ने हिमाचल प्रदेश को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल किया कि आखिर केंद्र सरकार ने हिमाचल को क्या कमी छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के लिए केंद्र सरकार ने 3789 करोड़ रुपये दिए, स्मार्ट सिटी के लिए 1000 करोड़ से अधिक की राशि दी, वाइब्रेंट विलेज योजना, मेडिकल कॉलेज, एम्स बिलासपुर, बल्क ड्रग पार्क, फोरलेन परियोजनाएं और बद्दी को फार्मा हब के रूप में विकसित किया। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही है। नड्डा ने कहा कि केंद्र ने हिमाचल को 2000 करोड़ से अधिक की विशेष सहायता और 1442 करोड़ रुपये का जायका फंड स्वीकृत किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कई योजनाओं में केवल 50 प्रतिशत राशि ही खर्च की। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जो धन का उपयोग न कर सके, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल की ट्रेजरी बार-बार बंद हो रही है, पूरी सरकार एडहॉक व्यवस्था पर चल रही है और मुख्यमंत्री व मंत्रियों के बीच तालमेल नहीं है। कांग्रेस सरकार एक भी ठोस परियोजना बनाकर केंद्र के पास नहीं लाई है। नड्डा ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार कोई भी प्रोजेक्ट बनाकर लाए, केंद्र सरकार उसे तुरंत स्वीकृत करेगी। अंत में जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन तथ्यों और सच्चाई को गांव-गांव और कस्बे-कस्बे तक पहुंचाएं, ताकि हिमाचल की जनता कांग्रेस के कुशासन से मुक्त होकर विकास और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ सके।
महीने में दो से तीन बार निपटाए जाएंगे जमीन के इंतकाल, प्रदेश सरकार ने जारी किए आदेश
शिमला: हिमाचल प्रदेश में अब जमीन के इंतकाल महीने में दो से तीन बार होंगे। पहले एक बार इंतकाल करने की व्यवस्था थी। राज्य सरकार ने इस संबंध में राजस्व विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। यह सुविधा शुरू होने के बाद लोगों को इंतकाल के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश में सरकार ने राजस्व रिकाॅर्ड ऑनलाइन कर दिया है। जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल ऑनलाइन भी किए जा रहे हैं, लेकिन लोग कागजी रिकॉर्ड के साथ इंतकाल के लिए आवेदन कर रहे हैं। ऐसे में सरकार ने पटवारी, कानूनगो और तहसीलदार को निर्देश जारी कर इंतकाल के लिए दो से तीन तिथियां निर्धारित करने को कहा है। निर्धारित तिथि के तहत लोग पटवार सर्कल आएंगे और तहसीलदार और नायब तहसीलदार इंतकाल के आए आवेदन निपटाएंगे। बता दें कि जमीन की रजिस्ट्री के बाद लोगों को इंतकाल के लिए आवेदन करना होता है। इसमें एक सप्ताह लग जाता है। पटवारी इंतकाल रजिस्टर में जमीन की रजिस्ट्री चढ़ाता है। इसके बाद इसमें पटवारी और कानूनगो के हस्ताक्षर होते हैं। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तहसीलदार या नायब तहसीलदार अलग-अलग सर्कल के लिए इंतकाल की तिथियां निर्धारित करता है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि रजिस्ट्री और इंतकाल ऑनलाइन किए जा रहे हैं, लेकिन कई लोग कागजी रिकॉर्ड के साथ इंतकाल के लिए आवेदन कर रहे हैं। ऐसे मामलों में लोगों की सुविधा के लिए अब इंतकाल महीने में दो से तीन बार कराने को कहा है।
PWD मंत्री विक्रमादित्य बने युवा राजनीति की मिसाल , लंदन में मिला बड़ा सम्मान…
शिमला: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उन्हें 12 दिसम्बर को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद परिसर में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन द्वारा प्रतिष्ठित ‘यूथ एंड आइकॉन’ अवार्ड से नवाजा गया। यह पुरस्कार उन्हें युवा नेतृत्व, बौद्धिक राजनीति और प्रदेश में आपदा के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए दिया गया। संस्था ने माना है कि विक्रमादित्य सिंह एक प्रभावी नेतृत्व देने के साथ प्रदेश के युवा वर्ग के बीच एक चहेते नेता के रूप में उभरे हैं। इसी आधार पर उन्हें ‘यूथ आइकॉन और इंटैलैक्चुअल पॉलिटिक्स’ वर्ग में इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। इस सम्मान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल के एक सामान्य नागरिक और मंत्री के रूप में यह मेरे लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने बताया कि यह सम्मान उन्हें लंदन के संसद भवन (पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर) स्थित ऐतिहासिक चर्चिल रूम में प्रदान किया गया। उन्होंने इस पुरस्कार को हिमाचल प्रदेश में अधोसंरचना विकास, सतत् प्रगति और समावेशी सुशासन को आगे बढ़ाने के प्रयासों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि एक सच्चे हिमाचली एवं हिमाचल की परंपराओं और मूल्यों में विश्वास रखने वाले व्यक्ति के रूप में वह प्रदेश के सर्वांगीण और समग्र विकास के लिए समर्पित रहेंगे।
Parliament Attack: संसद पर आतंकी हमले की आज 24वीं बरसी, शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा देश
Parliament Attack 2001: राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को कहा कि जब 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हमला हुआ था तब वह लोकसभा के सदस्य थे और संसद भवन की पहली मंजिल से, उन्होंने आतंकवादियों को भागते देखा था। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति ने संसद पर हमले का जिक्र करते हुए कहा कि कल, 13 दिसंबर, 2025 को संसद भवन पर हुए दुखद आतंकवादी हमले की चौबीसवीं बरसी है। ये हमला 13 दिसंबर, 2001 को हुआ था। उन्होंने कहा कि उस दुर्भाग्यपूर्ण दिन को, जब हमारे लोकतंत्र के प्रतीक अर्थात भारतीय संसद की नींव को कमजोर करने के लिए उन आतंकियों ने निशाना बनाया, तो यह हमारे बहादुर सुरक्षाकर्मियों ने अपने अदम्य साहस और त्वरित कार्यवाही से उनके नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया। महिला आरक्षण बिल पर हंगामे के बाद सुबह 11 बजकर 2 मिनट पर सदन को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद उस समय के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और विपक्ष की नेता सोनिया गांधी संसद से जा चुके थे। लेकिन हमले के वक्त 200 से ज्यादा सांसद और मंत्री संसद के भीतर ही मौजूद थे। इसी दौरान पाकिस्तान समर्थित पांच आतंकियों ने 45 मिनट में लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर को गोलियों से छलनी करके पूरे हिंदुस्तान को दहला दिया था। चलिए जानते हैं कि आखिर संसद पर हमला कैसे हुआ था।
संसद हमले की कहानी
करीब साढ़े 11 बजे उपराष्ट्रपति के सिक्योरिटी गार्ड उनके बाहर आने का इंतजार कर रहे थे, तभी एक सफेद एंबेसडर में सवार 5 आतंकी गेट नंबर-12 से संसद के अंदर घुसे। जानकारी के अनुसार, उस समय सिक्योरिटी गार्ड निहत्थे हुआ करते थे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, सिक्योरिटी गार्ड उस एंबेसडर के पीछे भागने लगे। उसी समय आतंकियों की कार उपराष्ट्रपति की कार से टकराई और हर तरफ हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो गए।
AK-47 से लैस थे आतंकी
घबराए आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान पांचों आंतकी AK-47 और हैंडग्रेनेड से लैस थे, उनकी पीठ और कंधे पर बैग थे।पहली बार आतंक लोकतंत्र की दहलीज पार कर चुका था। देखते ही देखते लोकतंत्र का पूरा मंदिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। आतंकियों के पहले हमले का निशाना वो चार सुरक्षाकर्मी बने जो एंबेसडर कार को रोकने का प्रयास कर रहे थे। इसी फायरिंग के बीच धमाके की आवाज आती है। इस तस्वीर से साफ हो चुका था कि संसद भवन में आतंकी हमला हो चुका है। इसके तुरंत बाद संसद भवन के सभी दरवाजे बंद कर दिए गए। अंदर मौजूद तमाम सांसद और मंत्रियों को महफूज जगह पर ले जाया गया। वहीं बाहर सुरक्षाकर्मी मोर्चा संभाले हुए थे।
खूनी खेल में पांचों आतंकी ढेर
पांचों में से एक आंतकी ने गेट नंबर 1 से सदन के अंदर दाखिल होने की कोशिश की। लेकिन सुरक्षाबलों की गोली से वो ढेर हो गया। फिर बाकी चार आतंकियों ने गेटर नंबर 4 की तरफ बढ़ने की कोशिश की, वो वापस मुड़कर गेट नंबर 9 पर पहुंचे। लेकिन मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया और पूरा ऑपरेशन गेट नंबर 9 के पास सिमट गया। यहीं मुठभेड़ में एक-एक कर तीन आतंकी ढेर हो गए। आखिरी बचा आतंकी गेट नंबर की ओर भागा, लेकिन गोली लगने से उसका खेल भी वहीं खत्म हो गया। संसद परिसर में ये खूनी खेल सुबह लगभग 11.30 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चला। इस हमले में आतंकियों से लोहा लेते हुए संसद भवन के गार्ड, दिल्ली पुलिस के जवान समेत कुल 9 लोग शहीद हुए थे।
अफजल गुरु को फांसी की सजा
फिर संसद पर आतंकी हमले की जांच दिल्ली पुलिस ने की और इस साजिश का पर्दफाश करने में कामयाब रही। जांच में पता चला कि आतंकियों को पाकिस्तान से गाइडेंस मिली थी। हमले के मास्टरमाइंड अफजल गुरु, एसएआर गिलानी, अफशान गुरु और शौकत हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने एसएआर गिलानी और अफशान गुरु को बरी कर दिया। शौकत हुसैन की सजा कम कर दी गई। वहीं अफजल गुरु को फांसी की सजा हुई।
आज का राशिफल (Aaj ka Rashifal) 13 दिसंबर 2025 : अमला योग का बना है शुभ संयोग, मेष,मिथुन और कन्या समेत कई राशियों को मिलेगा लाभ
Aaj Ka Rashifal 13 December 2025 : 13 दिसंबर का राशिफल ज्योतिषीय गणना के अनुसार मेष, मिथुन और कन्या राशि के जातको के लिए शुभ लाभदायक रहेगा। सितारों की स्थिति बताती है कि आज चंद्रमा का गोचर दिन रात कन्या राशि में होगा। चंद्रमा इस गोचर से आज शनि और चंद्रमा के बीच समसप्तक योग बनेगा। इस पर आज चंद्रमा से गुरु के दशम भाव में होने से अमला योग बनेगा। ऐसे में आज का दिन सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा, जानें अपना आज का राशिफल।
मेष राशि,खर्चीला दिन, बजट का ध्यान रखना जरूरी
मेष राशि के जातको के लिए आज का दिन सामान्य रूप से अच्छा कहा जा सकता है। आपकी सफलता आपकी मेहनत पर बहुत निर्भर करेगी इसलिए आपको आज आलस से बचना होगा। दूसरों के मामलों से आप खुद को दूर रखें तो आपके लिए बेहतर होगा। वैसे नौकरी में आज का दिन आपका अच्छा बीतेगा। आप सहकर्मियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम कर पाएंगे आपको पूर्व मे किए गए काम के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। सामाजिक प्रभाव में वृद्धि होगी। खर्च आपका बना रहेगा इसलिए आपको बजट का ध्यान रखते हुए काम करना होगा। वैसे आपको आज परिवार सपोर्ट मिलेगा। घर परिवार आपसी प्रेम और सहयोग से आपका मनोबल बढेगा। सेहत के मामले में आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। बहुत परेशान होने की जरूरत नहीं। एहतियात रखना बेहतर होगा।
आज भाग्य 86% आपके पक्ष में रहेगा। आपको आज उपाय के तौर पर श्रीनारायण कवच का पाठ करना चाहिए।
वृषभ राशि,ईश्वरीय कृपा का लाभ होगा
वृषभ राशि के लोगों के लिए आज शुक्रवार का दिन भगवान का शुक्रिया अदा करने का है। आपको आज ईश्वरीय कृपा का लाभ होगा। आप कम प्रयास में ही अपने काम को पूरा कर पाने में सफल होंगे। भाग्य आज आप पर पूरी तरह से मेहरबान रहेगा। आपको आज आर्थिक लाभ मिलेगा। आपको पूर्व में किए गए निवेश का भी आज फायदा मिल सकता है। नौकरी में आज आप अपना काम पूरा कर पाएंगे और आपको अधिकारियों और सहयोगियों से भी पूरा सहयोग मिलेगा। बिजनेस में आज आपकी कमाई में वृद्धि होगी। किसी पूर्व परिचित से आपको मिलने का मौका मिलेगा। घर परिवार में आपको जीवनसाथी के साथ सुखद समय बिताने का मौका मिलेगा। आप किसी सामाजिक काम में आज सहभागी बन सकते है। सेहत के मामले में आज आपको ध्यान रखना होगा। शुगर के मरीज विशेष रूप से अपना ध्यान रखें। जोखिम वाले काम से बचें।
आज भाग्य 89% आपके पक्ष में रहेगा। आज आपको उपाय के तौर पर श्रीसूक्त का पाठ करना चाहिए।
मिथुन राशि,दिन का दूसरा भाग लाभदायक
मिथुन राशि के जातको के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आपकी कुछ चली आ रही परेशानियों का समाधान निकलेगा। आपकी बुद्धि आज खूब चलेगी और आप स्थिति को बेहतर तरीके से मैनेज कर पाएगेो। आपको आज कार्यक्षेत्र में कुछ अच्छा अवसर मिल सकता है। बिजनेस में भी आज कमाई में वृद्धि होगी। दिन का दूसरा भाग आज आपके लिए विशेष रूप से बेहतर होने वाला है। मिथुन राशि के जातक आज शिक्षा के क्षेत्र में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आपको परिवार के साथ सुखद समय बिताने का मौका मिलेगा। कोई महत्वपूर्ण काम पूरा होने से आप राहत की सांस लेंगे। आपको आज परिवार के साथ रुचिकर खान पान का आनंद लेने का भी मौका मिलेगा। सेहत के मामले आप थोड़ा सजग रहें तो बेहतर होगा। पित्तवर्धक भोजन से आपको परहेज करना चाहिए नहीं तो सीने में जलन और पेट से संबंधित समस्या हो सकती है।
आज भाग्य 85% आपके पक्ष में रहेगा। आपको आज उपाय के तौर पर गायत्री मंत्र का पाठ करना चाहिए, गाय को हरा चारा खिलाएं।
कर्क राशि, दिन आज मिलाजुला रहेगा
कर्क राशि के लिए आज सितारे बताते हैं कि आपको आज अपने कामकाज को बेहतर तरीके से मैनेज करना होगा। कुछ पेंडिंग काम को आज निपटाना होगा। कोई काम आज अचानक ही आपके पास आ सकता है जिससे आपको अपनी योजना में बदलाव करना होगा। आपके लिए आज का दिन खर्चीला भी रहेगा। कुछ ऐसे खर्च सामने आएंगे जिन्हें आप चाहकर भी टाल नहीं पाएंगे। बिजनेस में आज का दिन मध्यम लाभ दिलाने वाला रहेगा। घर परिवार में आज जीवनसाथी से सपोर्ट मिलेगा लेकिन संतान को लेकर आपकी चिंता परेशानी बनी रह सकती है। आपको आज अपने रिश्तों को संयम से संभालना होगा। मानसिक द्वंद में फंसने की बजाय, धैर्य और संयम से काम लेना बेहतर होगा। शरीर के ऊपरी भागों कंधे और सिर में दर्द महसूस कर सकते हैं।
आज भाग्य 83% आपके पक्ष में रहेगा। आपको आज उपाय के तौर पर हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए।
सिंह राशि,सामाजिक संपर्क से आज फायदा होगा
आज का दिन सिंह राशि के जातको के लिए शुभ लाभदायक रहेगा। आपके लिए भाग्य आज उन्नति का संयोग बना रहा है। आपकी किसी चली आ रही परेशानी का समाधान निकल सकता है। कार्यक्षेत्र में आज आपको सहकर्मियों से तालमेल बनाकर चलना होगा। वैसे कुछ लोग आपकी प्रगति से मन ही मन ईर्ष्या कर सकते हैं। आपके लिए जरूरी है कि आज आप वाणी को संयमित बनाकर रखें और लोगें से मेलजोल बढाएं क्योंकि संपर्क से आपको आज फायदा मिलने वाला है। नौकरी में आज अधिकारियों से आपको सपोर्ट और सहयोग मिलेगा। घर परिवार के मामले मे आज का दिन आपका बेहतर होगा। परिवार मे पिता के साथ आपका तालमेल बना रहेगा। जीवनसाथी से भी आपका प्रेम और सहयोग बना रहेगा। किसी सगे संबंधी की मदद करनी पड़ सकती है। सेहत के मामले में दिन सामान्य है, लेकिन थकान और कंधे में दर्द महसूस कर सकते हैं। योग ध्यान करना फायदेमंद रहेगा।
आज भाग्य 85% आपके पक्ष में रहेगा। आप आज उपाय के तौर पर श्रीसूक्त का पाठ करें तो बेहतर होगा।
कन्या राशि,भाग्य का सपोर्ट मिलेगा, सेहत का रखें ध्यान
कन्या राशि के जातकों के लिए आज शुक्रवार का दिन करियर और कामकाज के लिहाज से अच्छा है। आपको आज भाग्य का सपोर्ट मिलेगा। नौकरी में आज आपका काम सुचारू चलेगा। आप आप अपने काम को लेकर आज व्यस्त भी रहेंगे। अकाउंट और शिक्षण के काम से जुड़े जातकों का काम आज विशेष रूप से अच्छा चलेगा। जो लोग नौकरी में बदलाव के लिए प्रयास कर रहे हैं आज उनको कोई अच्छा मौका मिल सकता है। बिजनेस मे आज आर्थिक लाभ का अच्छा संयोग बना हुआ है। आप आज पूर्व में किए गए निवेश का लाभ ले पाएंगे। कामकाज के सिलसिले में की गई आपकी यात्रा आज सफल और लाभदायक रहेगी। पारिवारिक जीवन मे आज आपको पिता की बातों की अनदेखी से बचना होगा नहीं तो उनकी नाराजगी का सामना करना होगा। बच्चों की सेहत और उनकी कुछ बातों को लेकर आपको चिंता परेशानी हो सकती है। वैवाहिक जीवन में आज का दिन आपका सामान्य रहेगा। सेहत को लेकर आज सितारे बताते हैं कि दिन के दूसरे भाग में आज आप थकान महसूस करेंगे। जिन जातकों को साइनस की समस्या है वह अपना विशेष ध्यान रखें।
आज भाग्य 84% आपके पक्ष में रहेगा। आपको आज के दिन उपाय के तौर पर गायत्री मंत्र का जप करना चाहिए। चावल का दान करें।
तुला राशि,दिन सुखद और अनुकूल है
तुला राशि के जातको के लिए आज का दिन शुभ लाभदायक रहेगा। आपको आज बिजनेस में कमाई का मौका मिलता रहेगा। जो जातक इंश्योरेंस, कलाक्षेत्र और वाणिज्य क्षेत्र से जुड़े हुए है उनको भाग्य आज कमाई और उन्नति का विशेष अवसर प्रदान करेगा। आपके लिए आज का दिन आर्थिक क्षेत्र में प्रगति का भी संकेत दे रहा है। ऐसे में आपको आज किसी अप्रत्याशित मध्यम से भी लाभ मिल सकता है। नौकरी में आपको आज सहकर्मियों से सहयोग मिलेगा। घर परिवार में भी सुखद और अनुकूल स्थिति बनी रहेगी। आप परिवार के साथ सुखद समय बिता पाएंग। आपके घर में किसी शुभ काम का संयोग बना सकता है। मित्रों और सगे संबंधियों से मिलने जुलने का भी संयोग बनेगा। धर्म कर्म के काम में आज आपकी रुचि रहेगी जिससे आप पुण्य लाभ हासिल कर पाएंगे।
आज भाग्य 84% आपके पक्ष में रहेगा। आज उपाय के तौर पर आपको देवी लक्ष्मी को लौंग और मिश्री अर्पित करना चाहिए।
वृश्चिक राशि, दिन सुखद रहेगा, लेकिन संयम बनाए रखें
वृश्चिक राशि के जातकों लिए आज का दिन आर्थिक मामले में अनुकूल रहने वाला है। कमाई बनी रहेगी और आप सुख साधनों का आनंद भी लेंगेो। लेकिन आज आपके ऊपर काम का दबाव बना रहेगा। आपको आज कुछ नई जिम्मेदारी भी मिल सकती है। जो लोग प्रॉपर्टी के काम से जुड़े हुए हैं आज उनको कोई अच्छी डील मिलने का योग बना है। आपके लिए आज भाग्य कोई लाभदायक अवसर भी लेकर आने वाला है। सरकारी क्षेत्र से संबंधित आपका कोई काम है तो वह वह आज पूरा हो सकता है। आपको किसी मित्र से भी सहयोग मिलेगा। वैवाहिक जीवन में आपको आज संयम से काम लेना होगा। जीवनसाथी के साथ तालमेल बिगड़ सकता है और किसी बात को लेकर आपस में मतभेद भी हो सकता है। बच्चों की शिक्षा और करियर से संबंधित विषयों को लेकर आज आपको कुछ निर्णय लेना पड़ सकता है। सेहत की बात करें तो आज का दिन आपका सामान्य रहेगा, कोई पुरानी चली आ रही परेशानी है तो एहतियात बरते। बीपी के मरीज क्रोध और अधिक तेल मसाले वाले भोजन से परहेज रखें।
आज भाग्य 86% आपके पक्ष में रहेगा। आपको आज उपाय के तौर पर हनुमानाष्टक का पाठ करना चाहिए।
धनु राशि,दिन का दूसरा भाग सुखद बीतेगा
धनु राशि के जातकों के लिए आज का दिन मिलाजुला रहेगा। दिन का पहला भाग कुछ व्यस्तता भरा रहेगा लेकिन दिन का दूसरा भाग अनुकूल बीतेगा। आपको आज कामकाज में भाग्य उन्नति दिलाएगा। कोई काम जो आपका अटक रहा था वह आज पूरा हो सकता है। आपको आज कार्यक्षेत्र मे किस मित्र या सहयोगी से सहयोग भी मिलेगा। बिजनेस करने वाले जातकों की कमाई में आज वृद्धि होगी। आप आज सरकारी क्षेत्र के काम में सफल होंगे और आपको आज सरकारी योजना का भी लाभ मिलेगा। घर परिवार में आज का दिन आपका सुखद बीतेगा। आप आज जीवनसाथी के साथ रोमांटिक पलों का आनंद भी ले सकते हैं। आज आपके सितारे बताते हैं कि,आपको आज दोस्तों के साथ मनोरंजक समय बिताने का भी मौका मिलेगा। आप परिवार के साथ रुचिकर भोजन का आनंद ले सकते हं। स्वास्थ्य आज आपका सामान्य रहेगा लेकिन मौसम अनुसार खानपान और आहार विहार का ध्यान भी रखें अन्यथा बाद में परेशानी हो सकती है।
आज भाग्य 83% आपके पक्ष में रहेगा। आज उपाय के तौर पर आपको किसी जरूरतमंद को अन्न का दान देना चाहिए।
मकर राशि, आज धन और सेहत दोनों का ध्यान रखना होगा
मकर राशि के जातको के लिए आज का दिन मिलाजुला रहने वाला है। आपको आज अपने काम पर ध्यान देने की जरूरत है। लापरवाही और आलस्य से आपका काम आज अटक सकता है। आपको नौकरी में आज किसी सहकर्मी की वजह से तनाव मिल सकता है। आपके लिए सलाह है कि जिस काम के बारे मे सही जानकारी नहीं हो उसमें आज हाथ डालने से आपको बचना होगा नहीं तो आपका नुकसान हो सकता है। आपके सितारे यह भी कहते हें कि किसी के हाथ में गया हुआ धन वापस मिलने में परेशानी आएगी। लेकिन अगर आप कारोबार या अन्य काम के लिए बैंक से लोन लेने के लिए प्रयास कर रहे हैं तो इसमें आपको सफलता मिलेगी। पारिवारिक जीवन में किसी करीबी संबंधी की सेहत को लेकर चिंता परेशानी हो सकती है। जीवनसाथी के साथ आज आपको तालमेल बनाकर चलना होगा। वाद विवाद से आप आज बचें। सेहत का भी आपको आज ध्यान रखना होगा जिन जातकों को बवासीर की समस्या है उनकी परेशानी बढ सकती, खानपान का ध्यान रखे। कोई पुरानी दबी समस्या भी उभर सकती है।
आज भाग्य 85% आपके पक्ष में रहेगा। आपको आज उपाय के तौर पर हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए। लाल चंदन का तिलक लगाएं।
कुंभ राशि, तकनीकी ज्ञान और अनुभव का मिलेगा लाभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन शुभ लाभदायक रहेगा आपके अंदर उत्साह और जोश का संचार बना रहेगा। आपकी कोई बड़ी चाहत पूरी होगी। किसी बात को लेकर आप मानसिक उलझन में हैं तो उसका समाधान निकल सकता है। नौकरी मे आज आपको तकनीकी ज्ञान और अनुभव का लाभ मिलेगा। शिक्षा प्रतियोगिता में भी आज का दिन कुंभ राशि के जातको का प्रदर्शन बेहतर होगा। आपको आज पूर्व में किए गए काम और निवेश का भी फायदा मिलेगा। लेकिन आपको आज अतिउत्साह मे आकर कोई भी काम करने से भी बचना चाहिए। निवेश करने से पहले सभी पक्षों पर ध्यान देना बेहतर होगा। नौकरी में आज का दिन आपका अनुकूल बीतेगा। आप कामकाज के साथ मौज मनोरंजन का भी आनंद ले सकते हैं। आपको आज परिवार के साथ सुखद समय बिताने का मौका मिलेगा। छोटी अथवा लंबी दूरी की यात्रा का भी संयोग बन रहा है। किसी अनुभवी व्यक्ति का मार्गदर्शन मिलेगा। बीमार चल रहे जातकों के स्वास्थ्य में सुधार होगा लेकिन जिन जातकों को घुटने से संबंधित समस्या है वह अपना ध्यान रखें, परेशानी बढ सकती है।
आज भाग्य 86% आपके पक्ष में रहेगा। आज आपको उपाय के तौर पर काले कुत्ते को रोटी खिलाना चाहिए, शनि स्तोत्र का पाठ करें।
मीन राशि, रोमांटिक समय बिताने का मौका मिलेगा
मीन राशि के जातकों के लिए आज का दिन उत्साहवर्धक रहेगा। आपको आज अपनी मेहनत और लगनशीलता का फायदा मिलेगा। कोई काम जो आपका लंबे समय से अटक रहा था वह आज किसी मित्र या सहयोगी की मदद से पूरा हो सकता है। आपको सगे संबंधियों से भी मिलने का आज अवसर प्राप्त हो सकता है। लव लाइफ में आज आपको प्रेमी के साथ रोमांटिक समय बिताने का मौका मिलेगा। वैवाहिक जीवन भी आज आपका सुखद रहेगा। बच्चों से संबंधित आपकी चिंता परेशानी का समाधान हो सकता है। नौकरी में आज का दिन आपका अनुकूल बीतेगा। आपको दोस्तों और सहकर्मियों से अपेक्षित सहयोग मिलेगा। जिन जातकों के काम का संबंध विदेश से है उनको आज लाभ का मौका मिल सकता है। सेहत के मामले में आपको हड्डियों से संबंधित समस्या होने की आशंका है। पहले जिनको चोट लगी है उनको अपना ध्यान रखना चाहिए, परेशानी बढ सकती है।
आज भाग्य 85% आपके पक्ष में रहेगा। आपको आज उपाय के तौर पर बजरंगबाण का पाठ करना चाहिए, साढ़ेसाती में लाभ पाएंगे।