लाइव हिमाचल/चंबा: चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर की रूणहकोठी पंचायत से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक युवा शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब 150 मीटर गहरी खाई से नीचे सड़क पर उनका शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान जिला ऊना के अंब क्षेत्र के हीरानगर निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले करीब चार वर्षों से इस जनजातीय क्षेत्र में टीजीटी (नॉन-मेडिकल) शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार देर रात एक जन्मदिन की पार्टी से गुरुकुल स्थित अपने आवास लौटते समय रास्ते में पैर फिसलने और संतुलन बिगड़ने के कारण वे गहरी खाई में जा गिरे। सुबह राहगीरों और वाहन चालकों ने सड़क पर शव पड़ा देख पंचायत प्रधान को सूचित किया, जिसके बाद भरमौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल स्कूल और स्थानीय क्षेत्र, बल्कि उनके पैतृक जिले ऊना में भी शोक की लहर दौड़ा दी है। बेहद मिलनसार स्वभाव के अमित ने हादसे से महज एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था और इस खुशी में स्कूल के बच्चों को खीर भी खिलाई थी। जन्मदिन के जश्न के चंद घंटों बाद ही उनकी मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। सबसे दुखद पहलू यह है कि अमित अपने पीछे पत्नी और एक छोटी बेटी को छोड़ गए हैं, जबकि उनकी पत्नी गर्भवती हैं और आगामी जनवरी महीने में घर में दूसरे बच्चे के जन्म की खुशियां आने वाली थीं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





