Home » Uncategorized » राष्ट्रीय नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता शिविर आयोजित…

राष्ट्रीय नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता शिविर आयोजित…

लाइव हिमाचल/सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा आज दमखड़ी गांव में राष्ट्रीय नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की बीसीसी समन्वयक राधा चौहान एवं स्वास्थ्य शिक्षिका पदमिनी नेगी ने लोगों को नवजात शिशुओं की उचित देखभाल, पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण तथा बीमारियों से बचाव के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर 28 दिन तक की अवधि नवजात शिशु के जीवन की सबसे संवेदनशील अवधि होती है। इस दौरान शिशुओं की देखभाल करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि शुरुआती दिनों में उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। उन्होंने कहा कि नवजात शिशु की उचित देखभाल, पोषण, स्वच्छता एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें कई बीमारियों से बचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जन्म के तुरंत बाद, पहले एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान करवाना चाहिए। मां का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु के लिए अमृत के समान होता है। नवजात शिशुओं को 6 माह तक केवल मां का दूध ही देना चाहिए। इस अवधि में पानी, शहद, घुट्टी या अन्य खाद्य पदार्थ देने की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि 06 माह पूर्ण होने के बाद स्तनपान जारी रखते हुए बच्चे को पूरक आहार देना शुरू करना चाहिए। दूध पिलाने के बाद बच्चे को कंधे से लगाकर उसकी पीठ पर हल्के हाथ से थपथपाना चाहिए, ताकि वह डकार ले सके।
उन्होंने कहा कि नवजात शिशु को उठाते समय हमेशा उसके सिर और गर्दन को उचित सहारा देना चाहिए, क्योंकि इस अवस्था में उसकी गर्दन की मांसपेशियां पूरी तरह विकसित नहीं होती हैं। शिशु को हमेशा पीठ के बल सुलाना चाहिए तथा उसके सोने का स्थान साफ, सुरक्षित और समतल होना चाहिए। शिशु को अत्यधिक गर्म कपड़ों या भारी बिस्तर से ढकने से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *