लाइव हिमाचल/धर्मशाला: धर्मशाला के तपोवन में चल रहे हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले एक बेहद रोचक और राजनीतिक रूप से गर्मागरम नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार की अगुवाई में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने सोशल मीडिया पर हाल ही में ट्रेंड में रहे ‘एक कचौड़ी दो समोसा’ स्लोगन की तर्ज पर ‘एक कचौड़ी दो समोसा, जयराम तेरा क्या भरोसा’ जैसे अनोखे और चुटीले नारे लगाकर बीजेपी के खिलाफ तीखा मोर्चा खोला और जमकर चुटकी ली। प्रदर्शन के दौरान तख्तियों के माध्यम से कांग्रेस ने पूर्व की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र से खिलवाड़ करने, सत्ता के दुरुपयोग और हिमाचल की संपदा व संसाधनों को लुटाने के गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस नेताओं का मुख्य आरोप यह है कि पिछली भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान बद्दी में सैकड़ों करोड़ रुपये की 5 हजार बीघा जमीन कौड़ियों के भाव यानी मात्र 1.12 करोड़ रुपये में आवंटित कर दी थी। इतना ही नहीं, कस्टमाइज्ड पैकेज की आड़ में स्टांप ड्यूटी माफ करने के साथ-साथ पांच साल तक 3 रुपये प्रति यूनिट बिजली और मुफ्त पानी जैसी सुविधाएं देने के प्रावधान भी किए गए थे। सत्र के दूसरे दिन भी नियम 67 के तहत काम रोको प्रस्ताव पर बोलते हुए कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने बद्दी की जमीन के अलावा धर्मशाला में हजारों रजिस्ट्रियों और बल्क ड्रग पार्क के पास एक ही व्यक्ति के नाम पर कई रजिस्ट्रियां होने का मामला उठाते हुए पूर्व सरकार को कटघरे में खड़ा किया।दूसरी ओर, विपक्ष ने भी सरकार पर पलटवार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने अपने कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश को चार दशक पीछे धकेल दिया है और भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप दे दिया है। जयराम ठाकुर ने यह भी दावा किया कि यह सुक्खू सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र साबित होगा क्योंकि अब प्रदेश से कांग्रेस की विदाई का समय आ चुका है। बहरहाल, सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रहे इन तीखे हमलों और अनूठे प्रदर्शनों से हिमाचल की सियासत का पारा पूरी तरह गरमाया हुआ है।





