Home » Uncategorized » मुख्यमंत्री का काशा पाट में रात्रि प्रवास, दुर्गम क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता…

मुख्यमंत्री का काशा पाट में रात्रि प्रवास, दुर्गम क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता…

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू शिमला जिला के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात् रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम गांव काशा पाट पहुंचे। उन्होंने गांव में रात्रि प्रवास किया और पाट निवासी सुपन दास के घर रात्रि विश्राम किया। मुख्यमंत्री का काशा पाट पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें सम्मानित करने के साथ पारंपरिक वेशभूषा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। देर रात तक ग्रामीणों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनका मुख्यमंत्री ने आनंद लिया और स्वयं भी नाटी में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंध रखते हैं और उनका मानना है कि जब तक गांवों में आर्थिक समृद्धि नहीं आएगी, तब तक प्रदेश सही मायनों में खुशहाल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि काशा पाट जैसे दुर्गम क्षेत्र में मुख्यमंत्री के रूप में पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। राज्य सरकार दुर्गम और दूरदराज क्षेत्रों के विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है ताकि ये क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पीछे न रहें।
मुख्यमंत्री ने काशा पाट में नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने गांव में खेल मैदान विकसित करने की भी घोषणा की तथा स्थानीय लोगों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और उसे स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। इसी उद्देश्य से सरकार काशा पाट से तकलेच होते हुए रामपुर तक बस सेवा शुरू करने का प्रयास कर रही है, जिससे बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद सुरक्षित घर लौटने में सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि गांव का कोई व्यक्ति अधिकतम 30 लाख रुपये की लागत से बस खरीदकर यह सेवा शुरू करता है, तो राज्य सरकार द्वारा 40 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जाएगी। रोहड़ू क्षेत्र के लिए भी इसी प्रकार 40 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बस मालिक को पांच वर्ष तक प्रति माह 50 हजार रुपये की सहायता भी प्रदान की जाएगी। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सड़क निर्माण के लिए कई बार वन विभाग से अनुमति लेनी पड़ती है। प्रदेश की लगभग 68 प्रतिशत भूमि वन क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण दुर्गम क्षेत्रों में सड़क निर्माण के दौरान अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। राज्य सरकार इन चुनौतियों के बावजूद दूरदराज के क्षेत्रों को बेहतर सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन महिला मंडलों के पास अपने भवन नहीं हैं, उन्हें भवन निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं, जिन महिला मंडलों के पास पहले से भवन उपलब्ध हैं, उन्हें आवश्यक सामान खरीदने के लिए एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही अपना परिवार, सुखी परिवार योजना शुरू करने जा रही है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सौर ऊर्जा परियोजनाओं को भी प्रोत्साहित कर रही है। सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने के लिए चार प्रतिशत ब्याज सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जबकि जनजातीय क्षेत्रों में यह सब्सिडी पांच प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली बच्चियों के उत्साहवर्धन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान नशा निवारण और भ्रूण हत्या जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी जागरूकता प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री ने काशा पाट में होम स्टे के लिए पंजीकरण करवाने वाले चार लोगों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि होम स्टे के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए आय और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। उन्होंने विश्व पर्यटन सप्ताह के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कार राशि प्रदान की। सुपन दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के गांव में रात्रि प्रवास से पूरा गांव उत्साहित है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब किसी मुख्यमंत्री ने काशा पाट में रात्रि प्रवास किया है। इस विशेष अवसर पर ग्रामीणों ने विशेष तैयारियां कीं और मुख्यमंत्री को पारंपरिक व्यंजन परोसे। महिला मंडल काशा पाट की सदस्य वीना देवी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीणों और महिला मंडलों की मांगों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि महिला मंडलों के लिए सहायता राशि तथा नए स्कूल के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की घोषणा से क्षेत्र के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इस अवसर पर महाधिवक्त्ता अनूप रतन, अध्यक्ष हिमकोन विकेश चौहान, ब्लॉक कांग्रेस टीअध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

 

Leave a Comment

[adsforwp id="47"]