लाइव हिमाचल/सोलन: शिमला के राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय (कोटशेरा) में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अंतर-महाविद्यालय ग्रुप-1 (क्रिएटिविटी) युवा महोत्सव का आज रंगारंग और भव्य शुभारंभ हुआ। 16 से 18 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय रचनात्मकता के महाकुंभ के पहले दिन प्रदेश भर के महाविद्यालयों से आए लगभग 600 युवा कलाकारों ने अपनी कला और बौद्धिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर सुनीता सिंह ने दीप प्रज्वलित कर इस तीन दिवसीय आयोजन का औपचारिक उद्घाटन किया, जबकि इस अवसर पर विश्वविद्यालय के युवा सेवा एवं खेल निदेशक डॉ. संजय शर्मा और आरकेएमवी प्राचार्या डॉ. अनुरीता सक्सेना सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, वहीं मुख्य अतिथि प्रो. सुनीता सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की छिपी प्रतिभा को उभारने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। आयोजन के पहले दिन हिंदी व अंग्रेजी एलोक्यूशन, वाद-विवाद, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग और क्ले मॉडलिंग जैसी प्रतियोगिताओं में दर्जनों महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें सतलज जल विद्युत निगम लिमिटेड (SJVNL) का विशेष प्रायोजन सहयोग रहा। आयोजन सचिव डॉ. राजीव शर्मा ने जानकारी दी कि उत्सव के दूसरे दिन यानी 17 सितंबर को कार्टूनिंग, पोस्टर मेकिंग, रंगोली और कोलाज मेकिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।





