Home » Uncategorized » स्पेशल बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन पर्व…

स्पेशल बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन पर्व…

लाइव हिमाचल/सोलन : सोलन के ठोडो ग्राउंड में ग्रो विद स्पेशल एबिलिटी फाउंडेशन की ओर से रक्षाबंधन पर्व विशेष बच्चों के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कार्यवाहक जिला कल्याण अधिकारी बलवीर सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। ग्रो विद स्पेशल एबिलिटी फाउंडेशन ऑटिज्म स्पेक्ट्रम तथा विभिन्न प्रकार की अक्षमताओं से प्रभावित बच्चों के लिए कार्य कर रहा है। फाउंडेशन द्वारा विशेष रूप से सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर, इंटेलेक्चुअल डेवलपमेंट डिसेबिलिटी, एडीएचडी, मल्टीपल डिसेबिलिटी और डाउन सिंड्रोम से प्रभावित बच्चों को आवश्यक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। संस्था में बच्चों के लिए स्पीच थेरेपी, न्यूरो थेरेपी और स्पेशल एजुकेशन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।
इस अवसर पर मुख्यातिथि बलवीर सिंह ठाकुर ने बच्चों और उनके अभिभावकों से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अभिभावकों को नेशनल ट्रस्ट के तहत विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और दिव्यांगजनों को उपलब्ध कानूनी संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए परिवार, संस्थाओं और सरकारी विभागों का मिलकर प्रयास करना जरूरी है। रक्षाबंधन जैसे पर्व ऐसे बच्चों के साथ खुशियां साझा करने और समाज में समानता व संवेदनशीलता का संदेश देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *