लाइव हिमाचल/कसौली/हेमेंद्र कंवर: हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन पट्टा महलोग इकाई के आम चुनाव इकाई कार्यालय में सर्वसम्मति से संपन्न हुए। चुनावी प्रक्रिया से पूर्व आयोजित बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष जिया लाल ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष बलदेव सिंह और महासचिव देवकरण कौशल ने संगठन के इतिहास, उपलब्धियों और पेंशनर्स की लंबित मांगों पर विचार रखे। अपने संबोधन में जिया लाल ठाकुर ने जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, संशोधित पेंशन एरियर, महंगाई भत्ते की किश्तों और लंबे समय से अटके चिकित्सा बिलों के भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने याद दिलाया कि संगठन के कड़े विरोध के बाद ही सरकार को एरियर भुगतान से जुड़ी 0.25 प्रतिशत वाली विवादास्पद अधिसूचना 24 घंटे के भीतर वापस लेनी पड़ी थी। उन्होंने सरकार और प्रशासन से बुजुर्गों व अनुभवी पेंशनरों की समस्याओं के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया अपनाने की अपील की। बैठक के उपरांत पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर सर्वसम्मति से चंडी/घड़सी इकाई के प्रधान पीसी वर्मा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। चुनाव प्रक्रिया में एक बार फिर सर्वसम्मति से जिया लाल ठाकुर को प्रधान और देवकरण कौशल को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा कर्मेंद्र सिंह को अतिरिक्त सचिव, हरी सिंह वर्मा को वरिष्ठ उपप्रधान, एआर भाटिया को कोषाध्यक्ष, जगत राम मेहता व सुंदर लाल को उपप्रधान, गुलाब सिंह ठाकुर को प्रेस सचिव तथा रामजी दास शर्मा व घनश्याम थलयारी को जिला प्रतिनिधि चुना गया। इस अवसर पर बलदेव सिंह, कमल शर्मा, जीत राम वर्मा, बृज लाल ठाकुर, कली राम और लक्ष्मी चंद समेत कई वरिष्ठ पेंशनर्स उपस्थित रहे।





