Home » Uncategorized » प्रदेश सरकार लोगों को घर-द्वार के समीप विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए कार्यरत : डॉ. शांडिल

प्रदेश सरकार लोगों को घर-द्वार के समीप विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए कार्यरत : डॉ. शांडिल

सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मन्त्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को उनके घर-द्वार के समीप विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है। डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सायरी में बहु विशेषज्ञता स्वास्थ्य एवं दिव्यांगता जांच शिविर का शुभारम्भ करने के उपरान्त उपस्थित जन समूह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस- समृद्ध जन दिवस द्विमासिक (अक्तूबर से नवंबर) माह का शुभारंभ भी किया। स्वास्थ्य मन्त्री ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए।
उन्होंने इस अवसर पर ममलीग में राजीव गांधी डे बोर्डिग स्कूल के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि निर्माण के लिए भूमि कटाव के कारण बचाव के लिए शीघ्र अधोसंरचना निर्मित की जाए तथा यह सुनिश्चित बनाया जाए कि इस भूमि के नीचे की और स्थापित निजी आवास सुरक्षित रहें।
डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक चिकित्सा सेवाओं तक प्रदेश वासियों की पंहुच सुनिश्चित बनाने और लोगों को उनके घर-द्वार के समीप समयबद्ध बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए चिकित्सा महाविद्यालयों सहित ज़िला एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में अधोसंरचना मज़बूती की दिशा में कार्य कर रही है। आमजन के लिए रोबोटिक्स शल्य चिकित्सा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि ज़िला स्तर पर आधुनिक उपकरण एवं प्रशिक्षित श्रम शक्ति उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य प्रगति पर है। सोलन ज़िला मुख्यालय पर क्षेत्रीय अस्पताल में भी अत्याधुनिक एम. आर.आई मशीन स्थापित की जानी है।
स्वास्थ्य मन्त्री ने कहा कि इस समूचे क्षेत्र में और बेहतर, आधुनिक एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में सोलन के कथेड़ में लगभग 200 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बहुउद्देश्य अस्पताल तथा 17 करोड़ रुपए की लागत से कण्डाघाट में नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में प्रगति पर है। प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए 03 हजार करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं।
उन्होंने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए एकजुट हो जाएं। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और युवाओं की सुरक्षा हम सब का सामूहिक उत्तरदायित्व है।
डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की विकास सम्बन्धी आवश्यकताओं को समयबद्ध पूर्ण किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस समिति पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. कर्नल संजय शांडिल, ग्राम पंचायत सायरी के प्रधान वीरेंद्र जसवाल, ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान भूमि नंद राठौर, ग्राम पंचायत बशील की प्रधान किरण परिहार, ग्राम पंचायत घाट-कुमहाला की प्रधान हेमा तनवर, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रवि कपूर, खंड विकास अधिकारी कंडाघाट ओम शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के प्रधान जगदीश भारद्वाज, पेंशनर कल्याण संघ के प्रधान बेली राम, भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ सायरी के प्रधान नरेश कौंडल, कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *