कसौली : हिमाचल प्रदेश के कसौली क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां अब अपने चरम पर हैं। धर्मपुर विकास खंड की 26 पंचायतों में होने वाले चुनावों के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया सोमवार दोपहर 3 बजे पूरी हो गई। 7, 8 और 11 मई को चली इस नामांकन प्रक्रिया के बाद अब चुनावी रण के योद्धाओं की तस्वीर साफ होने लगी है।
इस बार चुनावी मैदान में कुल 565 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाने के लिए पर्चा भरा है। अगर हम पद के अनुसार बात करें, तो आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं:
-
प्रधान पद के लिए: 129 उम्मीदवार
-
उप-प्रधान पद के लिए: 142 उम्मीदवार
-
पंचायत सदस्य के लिए: 294 उम्मीदवार
शक्ति प्रदर्शन और महिला भागीदारी की बात करें तो कुल 565 उम्मीदवारों में से 220 महिला उम्मीदवार और 345 पुरुष उम्मीदवार चुनावी दंगल में आमने-सामने हैं। नामांकन के अंतिम दिन उम्मीदवारों की भारी भीड़ देखी गई, हालांकि इस बार एक चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आया है। पंचायत सदस्यों यानी वार्ड मेंबर के चुनाव के प्रति लोगों का रुझान इस बार कुछ कम दिखाई दिया, जिसके चलते कई पंचायतों में अंतिम दिन ही वार्ड मेंबर के नामांकन भरे गए। धर्मपुर विकास खंड की 26 पंचायतों में शांतिपूर्ण तरीके से कुल 565 नामांकन दर्ज हुए हैं। अब 12 मई यानि कल को इन नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। जो उम्मीदवार अपना नाम वापस लेना चाहते हैं, उनके लिए 14 और 15 मई की तारीख तय की गई है। अब सबकी नजरें 12 मई की स्क्रूटनी और उसके बाद नाम वापसी की तारीखों पर टिकी हैं। 15 मई के बाद यह साफ हो जाएगा कि आखिर कितने उम्मीदवार मैदान में बचेंगे और किसके सिर सजेगा पंचायत की सत्ता का ताज।





