Home » Uncategorized » आवाज़ भी होगी रिकॉर्ड: हिमाचल शिक्षा बोर्ड का बड़ा एक्शन, अब CCTV के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी अनिवार्य

आवाज़ भी होगी रिकॉर्ड: हिमाचल शिक्षा बोर्ड का बड़ा एक्शन, अब CCTV के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी अनिवार्य

शिमला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं को अब और भी पारदर्शी बनाएगा। इसके लिए परीक्षा हाल में लगे सीसीटीवी कैमरों में वीडियो के साथ-साथ अब आवाज को भी रिकाॅर्ड करने की व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिससे नकल के मामलों को रोका जा सके। जिला कांगड़ा के एक स्कूल में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान शिक्षक की ओर से बोलकर नकल करवाने के मामले में संज्ञान लेते हुए बोर्ड अब और सख्ती करेगा। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अब बोर्ड परीक्षाओं को और अधिक पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। बोर्ड परीक्षा केंद्रों में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों में अब केवल वीडियो ही नहीं, बल्कि आवाज रिकॉर्ड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य परीक्षा केंद्रों में होने वाली अनियमितताओं और नकल के मामलों पर प्रभावी निगरानी रखना है। यह फैसला जिला कांगड़ा के जवाली क्षेत्र के एक स्कूल में बोर्ड परीक्षा में नकल करवाने के मामले सामने आने के बाद लिया गया है। बोर्ड ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए परीक्षा प्रणाली को और सख्त बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड का उद्देश्य परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है, जिससे मेहनती विद्यार्थियों के साथ न्याय हो सके। बोर्ड आने वाले समय में परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त तकनीकी उपाय भी लागू करेगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि जिला कांगड़ा में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान एक शिक्षक की ओर से बोलकर नकल करवाने के सामने आए मामले में कड़ा संज्ञान लिया है। अब शिक्षा बोर्ड आगामी बोर्ड परीक्षाओं में सीसीटीवी कैमरों में वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ आवाज रिकॉर्ड करने की भी व्यवस्था करेगा। इस व्यवस्था से परीक्षाओं में नकल के मामले रुकेंगे और परीक्षाएं और भी पारदर्शी बनेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *