शिमला : हिमाचल प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में नामांकन का सोमवार को अंतिम दिन है। पंचायती राज संस्थाओं के 31182 पदों के लिए चल रहे नामांकन के दो दिनों के दौरान 2286 पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन पत्र जमा करवाए गए हैं। नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को भी यदि और कोई नामांकन नहीं होता है तो ऐसी स्थिति में नाम वापसी के दिन इन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंप दिए जाएंगे। 7 और 8 मई को 42 हजार 562 दावेदार प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नामांकन भर चुके हैं। आज यह आंकड़ा 60 हजार के पार पहुंचने के आसार हैं। 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 और 15 मई को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। 15 मई को दोपहर तीन बजे सभी दावेदारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। किसी भी दावेदार को उसकी पसंद का चुनाव चिह्न नहीं मिलेगा। हिंदी वर्णमाला में नाम के हिसाब से इलेक्शन कमीशन द्वारा तय चुनाव चिह्न दावेदारों को दिए जाएंगे। स्टेट इलेक्शन कमीशन पहले ही सभी पदों के लिए चुनाव चिह्न तय कर चुका है। राज्य की 3754 पंचायतों में कुल 31 हजार 214 पदों के लिए तीन चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 बीडीसी और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। इन चुनावों में 50 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
राज्य में तीन चरणों में वोटिंग
प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान होगा। प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना मतदान वाले दिन ही पंचायत भवन में होगी, जबकि जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी।





