Home » Uncategorized » ऑस्ट्रेलिया में बड़ा विमान हादसा: लैंडिंग के दौरान हैंगर से टकराया प्लेन, पायलट की मौत

ऑस्ट्रेलिया में बड़ा विमान हादसा: लैंडिंग के दौरान हैंगर से टकराया प्लेन, पायलट की मौत

Australia Plane Crash: साउथ ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड स्थित पैराफील्ड एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा हो गया है. लैंडिंग की कोशिश के दौरान एक विमान सीधे एयरपोर्ट के हैंगर (विमान रखने की जगह) से जा टकराया. लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर भीषण आग लग गई. पुलिस के बयान के मुताबिक, इस घटना के तुरंत बाद सुरक्षा के लिहाज से आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है।

हादसे में पायलट की जान गई

ऑस्ट्रेलियन मीडिया आउटलेट 7News की रिपोर्ट के मुताबिक, इस क्रैश में पायलट और उसमें सवार एक यात्री की मौत हो गई है. वहीं, 11 अन्य लोगों को चोटें आई हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. एबीसी न्यूज से बात करते हुए चीफ इंस्पेक्टर एंड्रयू मैकक्रैकन ने बताया कि उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान एयरपोर्ट के ‘हैंगर 54’ से टकरा गया था.

पुलिस के अनुसार, घायलों में से एक की हालत बहुत नाजुक है, जबकि दो अन्य को गंभीर चोटें आई हैं. एक व्यक्ति को मामूली चोट लगी है और छह लोग धुएं की वजह से बीमार हुए हैं. टक्कर के बाद हैंगर से निकले काले धुएं के कारण मेट्रोपॉलिटन फायर सर्विस ने स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है.

जांच के घेरे में ट्विन-इंजन विमान

ऑस्ट्रेलियन ट्रांसपोर्ट सेफ्टी ब्यूरो ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा एक ट्विन-इंजन वाले ‘डायमंड DA42’ (Diamond DA42) विमान के साथ हुआ है. अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि लैंडिंग के वक्त तकनीकी खराबी हुई थी या कोई और वजह रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *