सोलन: बद्दी के बरोटीवाला में कपड़ा कारोबारी से 15 लाख रुपये की फिरौती का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अभिषेक नाम के कारोबारी की रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर दो बंदूकधारी नकाबपोश युवक घुस आए और वहां मौजूद कर्मचारी प्रकाश चंद को पिस्तौल दिखाकर बुरी तरह डराया-धमकाया। नकाबपोशों ने दुकान के कर्मचारी से कारोबारी के बारे में पूछताछ की और फोन पर अभिषेक से 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी, साथ ही रकम न देने पर उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित कारोबारी को पिछले कुछ दिनों से लगातार व्हाट्सऐप कॉल के ज़रिए भी धमकियाँ मिल रही थीं। इस घटना से सहमे कारोबारी ने पुलिस अधीक्षक बद्दी से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस थाना बरोटीवाला में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में गहन जांच कर रही है।





