सोलन: आम आदमी पार्टी सोलन इकाई ने आज सोलन नगर निगम चुनाव का शंखनाद कर दिया है। पार्टी सभी 17 वार्डों में पूरे दमखम के साथ अपने प्रत्याशी उतारेगी। आज मॉल रोड़ सोलन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस और भाजपा ने आपसी सहमति से नगर निगम का कार्यकाल निभाया। दोनों दलों ने चुनाव से पहले जनता से जो वादे किए थे, उन पर वे खरे नहीं उतर पाए। सोलन की जनता यह भली-भांति जान चुकी है।
पिछले चुनाव में दोनों दलों ने आम आदमी पार्टी की नकल करते हुए ₹100 में अनलिमिटेड पानी और घर-घर से फ्री कूड़ा उठाने जैसे वादे किए थे, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस है। पांच साल तक दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे और जनता के मुद्दे पीछे छूट गए। आम आदमी पार्टी सोलन की प्रबुद्ध जनता से अपील करती है कि इस बार नगर निगम चुनाव में काम की राजनीति करने वाली पार्टी के उम्मीदवारों को अपना आशीर्वाद दें, ताकि सोलन नगर निगम में विकास और जनहित के कामों को बढ़ावा मिल सके। पार्टी ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में कुछ बड़े और सम्मानित चेहरे भी आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। प्रत्याशियों की पहली सूची जल्द जारी की जाएगी।





