नाहन: हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी बस ड्राइवर नशे में गाड़ी चला रहा था। पांवटा साहिब से शिमला ढली रूट पर जा रही बस के ड्राइवर ने रास्ते में शराब पी ली थी और नशे में बस चला पाने में असमर्थ हो गया था। निगम ने चालक को शराब पीकर बस चलाने के मामले में सस्पेंड कर दिया है। यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने के मामले में चालक को सस्पेंड किया गया है। एचआरटीसी नाहन डिपो निगम प्रबंधन ने सोमवार को बस चालक को सस्पेंड कर अगले आदेश तक उसका हेड क्वार्टर नाहन लगाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर बाद 3:25 बजे पांवटा साहिब से शिमला रूट पर बस प्रतिदिन की तरह चली। 5:00 बजे नाहन बस स्टैंड से शिमला के लिए रवाना हुई। नाहन से जाते समय कही बीच रास्ते में चालक ने शराब का सेवन कर लिया। सोलन से आगे जाते समय, जब चालक बस को ठीक ढंग से नहीं चला पा रहा था। यात्रियों ने इस बात की सूचना सोलन पुलिस को दी। कंडाघाट में पुलिस ने बस को रुकवा कर पूरी जानकारी नाहन डिपो के प्रबंधन को दी। इसके बाद नाहन डिपो प्रबंधन ने सोलन के क्षेत्रीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर बस चालक को कंडाघाट में ही उतार कर सोलन से चालक की व्यवस्था कर बस को शिमला के लिए रवाना किया। पूरे घटनाक्रम को निगम प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए चालक को सस्पेंड कर दिया गया। हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो के उपमंडलीय प्रबंधक (डीडीएम) रामदयाल ने बताया कि चालक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अगले आदेश तक सस्पेंड कर उसका हेड क्वार्टर नाहन कर दिया गया है।





