Home » Uncategorized » बिलासपुर में बलोह टोल प्लाजा के पास 949 ग्राम चरस सहित हरियाणा के दो युवक गिरफ्तार…

बिलासपुर में बलोह टोल प्लाजा के पास 949 ग्राम चरस सहित हरियाणा के दो युवक गिरफ्तार…

बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित बलोह टोल प्लाजा के समीप पुलिस ने एक कार से 949 ग्राम चरस बरामद की है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात घुमारवीं थाना पुलिस की टीम ने टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी कर रखी थी और फोरलेन से गुजरने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक कार को संदेह के आधार पर रुकवाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 949 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान विकास (29) पुत्र चांद सिंह और सोमबीर (27) पुत्र रामफल, निवासी गांव अलादादरपुर, थाना गुहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। घुमारवीं पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी संदीप धवल ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *