कांगड़ा: कांगड़ा जिले के देहरा में आकार ले रहे देहरा ‘दुर्गेशारण्य कांगड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान’ को लेकर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस प्राणी उद्यान के सुचारू संचालन के लिए राज्य सरकार विभिन्न श्रेणियों में कुल 111 पद भरने जा रही है। इसके अलावा 19 अतिरिक्त पदों के लिए वन विभाग की विभिन्न श्रेणियों में से पद समर्पित किए जाएंगे, जबकि 61 सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति और 31 वन मित्रों की तैनाती की जाएगी। वन विभाग ने इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार, प्राणी उद्यान में प्रशासनिक और तकनीकी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निदेशक, उपनिदेशक, सहायक निदेशक, वन परिक्षेत्र अधिकारी, उप वन राजिक और वन रक्षक जैसे महत्वपूर्ण पद सृजित किए गए हैं। वन्यजीव उत्तर मंडल धर्मशाला के वन संरक्षक को प्राणी उद्यान के निदेशक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा जाएगा। वहीं, 61 सहायक कर्मचारियों में 36 पशु परिचारक, चार चालक, पांच तकनीकी कर्मचारी, दो वन्यजीव अनुसंधान सहायक और एक शिक्षा अधिकारी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सा सहायक, आईटी विशेषज्ञ और अन्य तकनीकी कर्मियों की नियुक्तियां भी की जाएंगी। वहीं, सफारी ड्राइवर, प्लंबर और इलेक्ट्रीशियन जैसी अन्य आवश्यक सेवाएं आउटसोर्स आधार पर ली जाएंगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।





