Home » Uncategorized » अखिलेश यादव ने शेयर किया हिमाचल की जर्जर सड़क का VIDEO: ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ पर कसा तंज…

अखिलेश यादव ने शेयर किया हिमाचल की जर्जर सड़क का VIDEO: ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ पर कसा तंज…

शिमला: समाजवादी पार्टी प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हिमाचल में पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयीकी ओर से बनाई गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। जिला सिरमौर के मरयोग स्थित गिरि गंगा बद्रिका आश्रम के निजी दौरे के दौरान यशवंत नगर-बद्रिका आश्रम की कच्ची सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। हिमाचल से रवाना होने के बाद जारी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जब ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ बन सकती है तो आश्रमों को जोड़ने के लिए ‘सनातन सड़क योजना’ क्यों नहीं बनाई जा सकती? इससे धर्म का मार्ग प्रशस्त होगा और सच्चे धर्म प्रधान लोगों को सत्संग के साथ-साथ, महाझूठ के इस शासनकाल में ‘सच-संग’ का भी पुण्यफल मिल सकेगा। साझा किया गया वीडियो यशवंत नगर-बद्रिका आश्रम संपर्क मार्ग का बताया जा रहा है। अखिलेश यादव मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मरयोग स्थित आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा ओम स्वामी से मुलाकात की। दौरा धार्मिक होने के साथ अत्यंत गोपनीय भी रहा। सिरमौर पुलिस के पास इस हाई-प्रोफाइल यात्रा का कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं था। भारी सुरक्षा के बीच वह सुबह पहुंचे और दोपहर करीब 12 बजे उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *