Home » Uncategorized » फोन नहीं सुनते अफसर; हिमाचल विधानसभा सत्र में कांग्रेस विधायक राकेश कालिया ने उठाया मामला…

फोन नहीं सुनते अफसर; हिमाचल विधानसभा सत्र में कांग्रेस विधायक राकेश कालिया ने उठाया मामला…

शिमला : हिमाचल प्रदेश में अधिकारियों को विधायकों के फोन न सुनना महंगा पड़ सकता है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अफसरों की इस मनमानी को गंभीर मामला करार दिया है और विधायकों से ऐसे अधिकारियों की विधानसभा को शिकायत करने को कहा है, ताकि उनके खिलाफ विधानसभा नियमों के तहत कार्रवाई की जा सके। सदन में प्रश्नकाल के दौरान विधायक राकेश कालिया ने यह मामला उठाया और कहा कि जनता के काम के लिए भी अधिकारी विधायकों के फोन नहीं उठाते। यही नहीं, अधिकारियों की मनमानी इतनी बढ़ गई है कि वे बाद में वापस कॉल भी नहीं करते। उन्होंने अधिकारियों के इस रवैये को मनमाना करार दिया और कहा कि यदि सरकार ने इस पर तुरंत लगाम नहीं कसी तो वह जनता के साथ ऐसे अधिकारियों के कार्यालयों के बाहर धरना देंगे। राकेश कालिया ने यहां तक कहा कि सरकार अधिकारियों को जो टेलीफोन अलाउंस दे रही है, उसे बंद कर देना चाहिए, क्योंकि वे विधायक के फोन ही नहीं सुनते। राकेश कालिया द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ओर के विधायकों का समर्थन मिला और उन्होंने मेज थपथपाकर उनका साथ दिया। कालिया ने यह भी कहा कि इससे पहले भी विपक्ष ही नहीं, बल्कि सत्तापक्ष के विधायक और मंत्री तक अधिकारियों की मनमानी और फोन न सुनने का मामला उठा चुके हैं।

अधिकारियों के नाम देने को कहा

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राकेश कालिया द्वारा उठाए गए मामले को अत्यंत गंभीर बताया और कहा कि इस पर तुरंत गौर करने की जरूरत है। उन्होंने राकेश कालिया को ऐसे अधिकारियों के नाम लिखकर विधानसभा सचिवालय को देने को कहा, ताकि इनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अधिकारियों द्वारा विधायकों के फोन न उठाना बहुत गंभीर मामला है। क्योंकि विधायक जनता के प्रतिनिधि हैं। पठानिया ने कहा कि वह इस मामले का संज्ञान ले रहे हैं और विधायक फोन न सुनने वाले अधिकारियों के नाम लिखकर उन्हें दें ताकि उन पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *