शिमला : सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार और भरोसे में बदलीए फिर शादी तक पहुंची। लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो रिश्ते की बुनियाद ही झूठ निकली। पहली पत्नी को मृत बताकर दूसरी शादी रचाने वाले आरोपी पर पांच माह तक दुष्कर्म और बाद में मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला अब हिमाचल से पंजाब तक पहुंच गया है। 37 वर्षीय महिला की शिकायत पर महिला थाना शिमला में जीरो एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक यह मामला आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब के पटियाला जिले के संबंधित थाने को भेजा जा रहा है। महिला ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि फरवरी 2025 में इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान राजदीप सिंह से हुई। उसने उसे बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है और उसकी एक बेटी है। महिला के मुताबिक उसने आरोपित पर भरोसा कर अपनी पूरी जानकारी साझा की। कुछ समय बाद आरोपित ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने अपने और बेटी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। पिछले साल 25 जुलाई को आरोपित ने जालंधर के एक चर्च में उससे शादी की। इसके बाद आरोपित उसे अपने साथ पटियाला की पावर कालोनी, माडल टाउन, राजपुरा के इस्लामपुर और अंबाला कैंट सहित विभिन्न स्थानों पर लेकर गया। महिला का आरोप है कि इन स्थानों पर आरोपित ने उसका शारीरिक शोषण किया। महिला ने बताया कि दिसंबर 2025 में उसे पता चला कि उस व्यक्ति की पत्नी जीवित है और उनका तलाक भी नहीं हुआ है। जब उसने इस बारे में उससे पूछा तो उसकी पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का मेडिकल करवाया जा रहा है। ये सभी घटनाएं पंजाब में हुई हैं, इसलिए पूरा रिकार्ड संबंधित थाना डिवीजन-चार जिला पटियाला को भेजा जा रहा है।





