
सोलन : ज़िला सोलन के सलोगड़ा क्षेत्र में पुलिस थाना सदर सोलन की पुलिस टीम द्वारा नियमित गश्त के दौरान सुनसान जगह पर खड़ी एक बोलेरो गाड़ी में बैठे एक युवक के कब्जे से 7.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुनील (27), निवासी गांव लबरोग, तहसील चौपाल, जिला शिमला के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 21 व 22 जनवरी की मध्यरात्रि को अमल में लाई गई। सदर सोलन पुलिस की एक टीम जब सलोगड़ा क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी, तो उन्हें सड़क किनारे एक सुनसान जगह पर संदिग्ध अवस्था में एक बोलेरो गाड़ी खड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें बैठे युवक के कब्जे से 7.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को सील कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करके हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।





