शिमला : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कुशासन और सत्ता-संरक्षित भ्रष्टाचार के दौर से गुजर रहा है, जहां न जनता के धन की सुरक्षा है और न ही प्रशासनिक मर्यादा। सुरेश कश्यप ने जल शक्ति विभाग में वर्ष 2024–25 के दौरान ₹36.77 करोड़ की लागत से जीआई पाइप खरीद में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निविदा शर्तों का उल्लंघन हुआ, सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन के प्रतिनिधि की मौजूदगी के बिना तौल व डिस्पैच किए गए और फर्जी ई-वे बिल व संदिग्ध ट्रांसशिपमेंट सामने आए हैं, जो बड़े घोटाले और मिलीभगत की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि लगभग ₹22 करोड़ की पेमेंट रोकना केवल दिखावटी कार्रवाई है। असली सवाल यह है कि दोषी अधिकारियों और उन्हें संरक्षण देने वालों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अनुशासन के पतन और बेलगाम बयानों पर भी चिंता जताई। सुरेश कश्यप ने मुख्यमंत्री की चुप्पी को संदेह के घेरे में बताते हुए कहा कि यह या तो सहमति का संकेत है या प्रशासन पर नियंत्रण की विफलता। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इस मुद्दे को सड़क से सदन और जरूरत पड़ी तो न्यायालय तक उठाएगी तथा स्वतंत्र जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती रहेगी।





