लाइव हिमाचल/सोलन: जिला सोलन के अर्की में सोमवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड के दूसरे दिन मंगलवार को राहत एवं बचाव कार्य और तेज कर दिया गया है। मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अमला, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमें भी संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। बता दें कि आग की यह दर्दनाक घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजे हुई थी। हादसे में अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि सात लोग अभी भी लापता हैं। लापता सभी लोग नेपाल निवासी हैं। इसके अलावा बिहार निवासी एक बच्चे की भी इस हादसे में मौत की पुष्टि हुई है। लापता लोगों में एक डेढ़ माह का बच्चा भी शामिल है। इस दुखद घटना के बाद लापता सात लोगों के जीवित बचने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन द्वारा उन्हें ढूंढने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मलबे से बरामद हो रहे मानव शरीर के अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके।





