Home » Uncategorized » भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए शिक्षा के आधारभूत तत्वों को आत्मसात करें छात्र : संजय अवस्थी

भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए शिक्षा के आधारभूत तत्वों को आत्मसात करें छात्र : संजय अवस्थी

सोलन: अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि छात्रों के लिए शिक्षा के आधारभूत तत्वों को आत्मसात करना आवश्यक है ताकि भविष्य की चुनौतियों का सरलता से सामना किया जा सके। संजय अवस्थी गत दिवस अर्की विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लगदाघाट में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लगदाघाट परिसर में लगभग 30 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित 03 अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण भी किया। संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं को रटने की बजाए समझना आवश्यक है। इस दिशा में आधुनिक तकनीक एवं मोबाइल उनका सबसे बड़ा सहारा बन सकते हैं। ऑनलाईन युग में हर हाथ में मोबाईल तो है, इससे पूरे विश्व की जानकारी भी मिल रही है किंतु वास्तविक ज्ञान अधूरा है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि मोबाइल पर मनोरंजन के साथ ज्ञान भी प्राप्त करें। यह प्रयास करें कि जानकारी सही माध्यम से प्राप्त की जाए। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि युवा पीढ़ी को अपना समय दें और प्रयास करें कि आपसी बातचीत के माध्यम से उनकी समस्याओं का निदान हो। उन्होंने कहा कि नियमित संवाद नशे से दूर रखने में अत्यंत सहायक है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में गत तीन वर्षों में शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा नीतियों में सुधार कर बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा उपलब्ध करवाने पर कार्य किया जा रहा है। इसी दृष्टिकोण से प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इससे जहां बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा उपलब्ध होगी वहीं उनकी छिपी हुई प्रतिभा भी उभर कर सामने आएगी। संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोगों के कल्याणार्थ विभिन्न योजनाएं आरम्भ की गई हैं। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना तथा डॉ. वाई.एस. परमार ऋण ऐसी ही योजनाएं हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित बनाएं। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिकी के दृष्टिगत ग्राम केन्द्रीय योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की, गेहूं व हल्दी की फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाया गया है। किसानों व पशुपालकों के कल्याणार्थ भैंस व गाय के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी आशातीत वृद्धि की गई है।
संजय अवस्थी ने विद्यालय के मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया और सभी के सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि लगदाघाट से सून सम्पर्क मार्ग के लिए 08 करोड़ रुपए स्वीकृत हो चुके हैं। शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया आरम्भ होगी। उन्होंने स्कूल में परीक्षा हॉल निर्माण कार्य के लिए 4.50 लाख रुपए, आयोजक समिति को 21 हज़ार रुपए व स्कूल के बच्चों को 5100 रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लगदाघाट के प्रधानाचार्य हरबिंदर पाल ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया व वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। संजय अवस्थी ने तदोपरांत हिमाचल प्रदेश सरकार के कार्यक्रम ‘विधायक गांव के द्वार’ के तहत जन समस्याएं सुनीं तथा इनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार और जनता के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना व प्रदेश सरकार की नीतियों व योजनाओं के बारे में जागरूक करना है।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, रमेश ठाकुर, ज़िला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष जगन्नाथ शर्मा, पंचायत समिति सदस्य रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत लग के प्रधान प्रेम सागर, ग्राम पंचायत क्यार कनेता के प्रधान रघुराज पराशर, ग्राम पंचायत जयनगर के प्रधान राजेंद्र शर्मा, ग्राम पंचायत भियूंखरी की प्रधान राजकुमारी, ग्राम पंचायत लग के उप-प्रधान कांशी राम, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेन्द्र आहलूवालिया, तहसीलदार रामशहर डॉ. अभिषेक ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लगदाघाट के उप-प्रधानाचार्य शंकर देव, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कमला देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक व छात्र उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12