सोलन: सोलन सोलन नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने अंबाला स्थित उत्तरी रेलवे के डीआरएम (DRM) कार्यालय में वरिष्ठ मुख्य अभियंता से मुलाकात की। सोलन नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा, उपमहापौर गौरव राजपूत और पार्षद रोहित भारद्वाज ने भाजपा के वरिष्ठ नेता पुरुषोत्तम गुलेरिया की उपस्थिति में रेलवे लाइन से सटे वार्डों की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया। बैठक के दौरान वार्ड नंबर 4 के पार्षद रोहित भारद्वाज ने करोल विहार में लंबे समय से लंबित एम्बुलेंस रोड का मुद्दा विशेष रूप से रखा और इस पर प्राथमिकता से कार्रवाई का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम और रेलवे अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा जल्द से जल्द मौके पर निरीक्षण कराने की मांग की। रेलवे अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र संयुक्त निरीक्षण करवाने का आश्वासन दिया है। वहीं मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए रेलवे विभाग के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर कार्य कर रहा है।





