धर्मशाला: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल प्रदेश का प्रस्तावित दौरा खराब मौसम के चलते रद्द कर दिया गया है। उन्हें आज 20 दिसंबर को कांगड़ा जिले के सपड़ी स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) ट्रेनिंग सेंटर के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं सपड़ी पहुंचकर गृह मंत्री का स्वागत करने वाले थे। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने बताया कि खराब मौसम के कारण गृह मंत्री का दौरा रद्द किया गया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक गृह मंत्री के दौरे के रद्द होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
हवाई गतिविधियों पर लगाया गया था प्रतिबंध
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा कारणों से ज्वालामुखी सब-डिवीजन क्षेत्र में एयरो-स्पोर्ट्स और सभी प्रकार की हवाई गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया था। पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ान, हॉट एयर बैलूनिंग सहित सभी एयरो-स्पोर्ट्स गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई थीं। यह निर्णय वीवीआईपी सुरक्षा, सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर लिया गया था।
जिला प्रशासन और हिमाचल भाजपा द्वारा कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन दौरा रद्द होने से भाजपा कार्यकर्ताओं में निराशा देखी गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान हिमाचल से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाने वाले थे। खासतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा राहत के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज को शीघ्र जारी करने की मांग रखी जानी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पैकेज की घोषणा 9 सितंबर को धर्मशाला दौरे के दौरान की थी। ढाई महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद यह राशि अब तक जारी नहीं हो पाई है। इसके बाद 7 केंद्रीय मंत्री और केंद्रीय अधिकारियों की टीमें भी दो बार हिमाचल का दौरा कर आपदा की स्थिति का जायजा ले चुकी हैं, लेकिन अब तक केंद्र सरकार की ओर से राहत राशि जारी नहीं की गई। ऐसे में अमित शाह के दौरे से प्रदेश को राहत राशि मिलने की उम्मीद थी।





