Home » Uncategorized » सशक्त नारी सशक्त भारत क्लस्टर स्तरीय फेडरेशन सोलन में “नयी चेतना 4.0” के अंतर्गत लैंगिक समानता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

सशक्त नारी सशक्त भारत क्लस्टर स्तरीय फेडरेशन सोलन में “नयी चेतना 4.0” के अंतर्गत लैंगिक समानता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

सोलन: विकास खंड सोलन की सशक्त नारी सशक्त भारत क्लस्टर स्तरीय फेडरेशन (CLF) द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित राष्ट्रीय अभियान “नयी चेतना 4.0” (दिनांक 25 नवम्बर से 23 दिसम्बर 2025) के अंतर्गत लैंगिक समानता विषय पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान की थीम “डिजिटल हिंसा के विरुद्ध समानता” रही, जिसका उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल माध्यमों में होने वाली हिंसा, भेदभाव और शोषण के प्रति जागरूक करना तथा उनके अधिकारों की जानकारी देना था। यह कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में विकास खंड सोलन की विभिन्न सीआरपी—एचएनजी सीआरपी, कृषि सखी, पशु सखी एवं एफएलसीआरपी ने भाग लिया, ताकि वे प्राप्त जानकारी को आगे फील्ड स्तर पर प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक प्रभावी रूप से प्रसारित कर सकें। नया सवेरा एमसीएलएफ के अंतर्गत विकास खंड सोलन की विभिन्न पंचायतों से जुड़ी 16 ग्राम संगठन शामिल हुए, जिनके कार्यालय धारकों ने भी इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। इस कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मैजिस्ट्रेट एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन आकांक्षा डोगरा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में लैंगिक समानता और महिलाओं की सुरक्षा सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है। उन्होंने ऐसे अभियानों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बताया। कार्यक्रम की गरिमामयी को और अधिक प्रकाशित करने के लिए पंचायत समिति विकास खण्ड सोलन अध्यक्ष भीम सिंह और पंचायत प्रधान राकेश कुमार का भी भरसक सहयोग रहा। इस अवसर पर के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन जे आर ठाकुर, पुलिस विभाग से SHO दलीप तोमर, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोहली प्रधानाचार्य डॉ मंजुला शर्मा, बाल विकास परियोजना कार्यलय से सुपर वाइजर रीना, विकास खण्ड सोलन से क्षेत्र समन्वयक सुरेश शर्मा व एम आई एस अनूप दीवान द्वारा महिलाओं को कानूनी अधिकार, डिजिटल हिंसा से संरक्षण, समानता, महिला एवं बाल सुरक्षा, तथा स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वहीं कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं में यह संदेश सशक्त रूप से पहुंचा कि डिजिटल हिंसा के विरुद्ध जागरूकता, समानता की समझ और कानूनी जानकारी ही सामाजिक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करती है। यह पहल एनआरएलएम से जुड़ी महिलाओं के लिए एक गेम चेंजर सिद्ध होगी, क्योंकि प्रशिक्षित सीआरपी एवं संगठन पदाधिकारी इस जानकारी को जमीनी स्तर तक ले जाकर सशक्त, सुरक्षित और समान समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।सशक्त नारी सशक्त भारत सीएलएफ द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम है, जो आने वाले समय में ग्रामीण स्तर पर लैंगिक समानता और डिजिटल सुरक्षा को नई दिशा देगा। सशक्त नारी सशक्त भारत की अध्यक्षा स्नेह लता और पूर्ण टीम के सहयोग से सफल हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *