Home » Uncategorized » हिमाचल में पहली बार पटवारियों की राज्य कॉडर पर होगी भर्ती…

हिमाचल में पहली बार पटवारियों की राज्य कॉडर पर होगी भर्ती…

शिमला: हिमाचल प्रदेश में पहली बार पटवारियों की स्टेट कॉडर पर भर्ती होने जा रही है। अभी तक पटवारियों का जिला कॉडर होता था। राजस्व विभाग ने नियमों में संशोधन कर अब इसे स्टेट कॉडर बनाया है। पटवारी परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों की हिमाचल में कहीं भी सेवाएं ली जाएंगी। यह परीक्षा हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की ओर से ली जाएगी। उम्मीदवारों का चयन 120 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा, लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसकी अवधि डेढ़ घंटे होगी। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि पटवारियों के रिक्त पदों को भरा जा रहा है। विभाग में 530 पदों की भर्ती की जा रही है। सरकार की कोशिश है कि एक पटवारी के पास एक ही सर्किल हो ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग का रिकाॅर्ड आनलाइन किया गया है। जमाबंदी से लेकर जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल आनलाइन किए जा रहे हैं। राजस्व विभाग में कुल 530 रिक्तियों को भरा जा रहा है। 16 जनवरी, 2026 तक उम्मीदवारों राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। हिमाचल प्रदेश पटवारी भर्ती के लिए उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से जमा दो कक्षा या समकक्ष उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2025 तक 18 से 45 साल के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग/दिव्यांग/हिमाचल प्रदेश सरकारी कर्मचारी और भूतपूर्व सैनिक के लिए अधिकतम आयु 50 साल है। सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए हिमाचल प्रदेश पटवारी भर्ती में आवेदन शुल्क 800 रुपये निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *